राष्ट्रपति नहीं व्यापारी कहिए, जानिए किन-किन धंधों में लगा है डोनाल्ड ट्रंप का परिवार
List of US President Donald Trumps businesses: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल राष्ट्रपति कम और एक व्यापारी ज्यादा नजर आ रहे हैं। युद्ध रोकने के लिए भी वे व्यापार की ही मदद ले रहे हैं। ऐसा वे खुद भी कई बार कह चुके हैं। भारत और पाकिस्तान का युद्ध रुकवाने के लिए भी उन्होंने इसी तरह का तर्क दिया था। ट्रंप के इस कार्यकाल में उनके परिवार ने क्रिप्टोकरेंसी के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कदम रखा है। इसके लिए ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ भी समझौता किया। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने आरोप लगाया है कि ट्रंप ने पाकिस्तान में अपने परिवार के व्यापारिक हितों को आगे बढ़ाने के लिए भारत के साथ अमेरिका के संबंधों को खतरे में डाला है।
इसलिए बिगड़े भारत अमेरिका संबंध : दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और अमेरिका के संबंधों में गिरावट आई है। क्योंकि ट्रंप इस युद्ध को रुकवाने का श्रेय दर्जनों बार खुद को दे चुके हैं, जबकि भारत ने कभी इसे स्वीकार नहीं किया। ट्रंप ने यह भी कहा था कि दोनों देशों के बीच युद्ध रोकने के लिए मैंने दोनों से व्यापार नहीं करने की बात कही थी। भारत द्वारा ट्रंप के दावे को नहीं मानने के कारण ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ थोप दिया था। हालांकि उसका दावा है कि भारत रूस से ज्यादा तेल खरीदता है, इससे रूस को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है। इतना ही नहीं ट्रंप ने भारत को चिढ़ाने के लिए पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर को डिनर के लिए बुलाया साथ ही पाकिस्तान पर महज 19 फीसदी टैरिफ लगाया।
आइए जानते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के धंधों के बारे में...
ट्रंप परिवार के व्यवसाय का संचालन मुख्य रूप से 'द ट्रंप ऑर्गनाइजेशन' के तहत किया जाता है। यह एक विशाल होल्डिंग कंपनी है, जो विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय है।
-
रियल एस्टेट : यह ट्रंप परिवार का सबसे पुराना और मुख्य व्यवसाय है। इसमें दुनिया भर में आवासीय और वाणिज्यिक संपत्तियों का निर्माण और विकास शामिल है।
-
होटल और रिसॉर्ट : ट्रंप परिवार के कई लक्जरी होटल, रिसॉर्ट और गोल्फ कोर्स हैं, जैसे 'ट्रंप नेशनल डोरल मियामी' और 'ट्रंप टर्नबेरी' (स्कॉटलैंड) हैं।
-
रियल एस्टेट लाइसेंसिंग: वे अपने 'ट्रंप' ब्रांड का नाम अन्य डेवलपर्स को भी देते हैं, जिसके बदले उन्हें रॉयल्टी मिलती है। भारत में भी ट्रंप के नाम पर कई लक्जरी आवासीय परियोजनाएं हैं।
-
क्रिप्टो करेंसी : यह ट्रंप परिवार के लिए सबसे नया और सबसे तेजी से बढ़ता हुआ व्यवसाय है। वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल (World Liberty Financial - WLF) ट्रंप परिवार की एक क्रिप्टोकरेंसी कंपनी है, जिसने अपना खुद का डिजिटल टोकन लॉन्च किया है। ट्रंप ने खुद को 'क्रिप्टो प्रेसिडेंट' भी कहा है और इस क्षेत्र के लिए समर्थन व्यक्त किया है। उनकी नीतियों का उद्देश्य क्रिप्टोकरेंसी पर नियमों को आसान बनाना है। उनके परिवार की कंपनी WLF ने प्रमुख एक्सचेंजों पर अपने डिजिटल टोकन ($WLFI) का सार्वजनिक रूप से व्यापार करना शुरू कर दिया है। रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप परिवार ने इस परियोजना से करोड़ों डॉलर कमाए हैं।
-
मीडिया और मनोरंजन : ट्रुथ सोशल (Truth Social) ट्रंप का अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है। 'ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप' (TMTG) इस प्लेटफॉर्म की मूल कंपनी है, जिसमें ट्रंप की बड़ी हिस्सेदारी है। ट्रंप ने पहले 'द अप्रेन्टिस' जैसे रियलिटी टीवी शो में भी काम किया है, जिससे उनके ब्रांड को काफी लोकप्रियता मिली। ट्रं
-
गोल्फ कोर्स : ट्रंप परिवार के पास दुनिया भर में कई विश्व-स्तरीय गोल्फ कोर्स हैं।
-
वाइनरी : वे 'ट्रंप वाइनरी' नामक एक शराब व्यवसाय भी चलाते हैं।
-
मर्चेंडाइज : 'ट्रंप स्टोर' के माध्यम से वे टी-शर्ट, टोपियां और अन्य ब्रांडेड सामान बेचते हैं।
पूर्व में ट्रंप परिवार ने 'ट्रंप वोदका', 'ट्रंप स्टेक्स' और 'ट्रंप यूनिवर्सिटी' जैसे कई अन्य व्यवसायों में भी हाथ आजमाया है, जिनमें से कुछ अब बंद हो गए हैं। ट्रंप के बच्चे, डोनाल्ड जूनियर, एरिक और इवांका, अपने पिता के राष्ट्रपति बनने के बाद से 'द ट्रंप ऑर्गनाइजेशन' के दिन-प्रतिदिन के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आलोचकों का मानना है कि ट्रंप का राजनीतिक पद उनके व्यापारिक हितों को आगे बढ़ाने में मदद करता है, जिससे हितों के टकराव को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। अभी तक के ट्रंप के व्यवहार को देखा जाए तो उनका ज्यादा ध्यान अपने पारिवारिक व्यवसाय पर ही है। इसके लिए वे अपने पद का उपयोग करने में भी पीछे नहीं हैं।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala