1. खबर-संसार
  2. »
  3. वेबदुनिया सिटी
  4. »
  5. इंदौर
Written By Naidunia

दिनभर तपे, शाम को भीगे

इंदौर समाचार
विदाई लेती गर्मी और दस्तक देते मानसून की हलचलों के बीच मौसम भी बदलने लगा है। सुबह तेज गर्मी और उमस से लोग पसीने में नहाते नजर आए तो सूरज ढलने के बाद फुहारों ने माहौल को सुहाना बना दिया। रात को भी शहर के कई इलाकों में रूक-रूक कर बूँदा-बाँदी होती रही।
पिछले दिनों लगातार लुढ़कते पारे ने मंगलवार को फिर पलटवार किया। दिन का तापमान 40.8 डिग्री तक जा पहुँचा। जो सामान्य से अधिक था। रही-सही कसर उमस ने पुरी की। लोग घरों में ही पसीना-पसीना होने लगे। दिन चढ़ने तक तो सूरज के तेवर पूरे शबाब पर थे लेकिन शाम होते होते मौसम ने करवट ली। बूंदा-बांदी का दौर शुरू होने के बाद ठंडी हवाओं के झोके चलने लगे। फिजाओं में घुली ठंडक से गर्मी कुछ देर के लिए रफूचक्कर हो गई। बूंदों के स्पर्श के बाद उठती मिट्टी की सौंधी महक दिल को सुकून दे रही थी। हालाकि बूंदा की चहलकदमी रूकने के बाद फिर उमस ने आ घेरा लेकिन हवा से भी लोगों को बराबर राहत मिलती रही। सोमवार की रात भी भिगी हुई थी। रात 11 बजे बाद रिमझिम बारिश होती रही। रात का तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। -नगर प्रतिनिधि