इंदौर में मां के सामने 5वीं मंजिल से कूदा युवक, हुई दर्दनाक मौत, पुलिस पर लगाया थप्पड़ मारने का आरोप
इंदौर में एक युवक ने 5वीं मंजिल से छलांग लगा दी। इससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना चंदन नगर थाना क्षेत्र में रात करीब 2 बजे की है। मृतक की पहचान राज (23) पिता मनोज मकवाना के रूप में हुई है। दरअसल, इस आत्महत्या का आरोप पुलिस पर लगा है। बताया जा रहा है कि गर्मी लगने के कारण राज रात में अपनी मल्टी के नीचे उतरकर टहल रहा था। चौकीदार ने उससे देर रात घूमने की वजह पूछी। इसी दौरान वहां पुलिस की गाड़ी भी पहुंच गई।
पुलिस ने थप्पड़ मारे : जो जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक टलहने के दौरान पुलिसकर्मी ने राज को रोककर पूछताछ की थी। इस दौरान पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ भी मारे। यह आरोप परिवार के सदस्यों ने पुलिस पर लगाए हैं। परिवार का आरोप है कि इसके बाद राज घबरा गया और मल्टी की पांचवीं मंजिल पर पहुंचकर नीचे कूद गया। कूदने से उसे गंभीर चोटें आई, जिसके बाद मौके पर उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि राज मानसिक तनाव से जूझ रहा था। उसका इलाज चल रहा था।
क्या कहा राज की मां ने : मृतक राज की मां रेखा मकवाना ने बताया कि उन्होंने दो बार बेटे को समझाकर अंदर आने के लिए कहा था, लेकिन वह फिर से घर के बाहर चला गया। जब वह उसे देखने नीचे पहुंचीं, तभी उनके सामने ही राज ने छलांग लगा दी। इसके साथ ही राज की बहन राधिका के मुताबिक राज को सांस लेने में दिक्कत रहती थी, इसलिए वह बाहर टहल रहा था। पहले गार्ड ने उसे रोका, जिस पर दोनों के बीच बहस हुई। बाद में गार्ड ने वहीं से गुजर रहे पुलिसकर्मियों को बुला लिया।
पुलिस से माफी भी मांगी, लेकिन : परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों को राज की तबीयत के बारे में बताया और भाई ने माफी भी मांगी, लेकिन एक जवान ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।
Edited By: Naveen R Rangiyal