दीपावली पर रोशन घर-आँगन
अब दीए की जगह इलेक्ट्रिक लाइट
अँधेरे को दूर कर वातावरण में नया प्रकाश, नई ऊर्जा और नई उमंग लाने वाले त्योहार का प्रतीक दीपावली को माना जाता है। यह वह समय होता है जब सभी अपने घर-आँगन को तरह-तरह से सजाकर त्योहार का स्वागत करते हैं। साज-सज्जा के सामान में माटी के दीपक से लेकर विद्युत से चलने वाले आकर्षक लैंप, झालर आदि शामिल हैं जो लोगों को बरबस लुभा भी रहे हैं।मिट्टी के रंग-बिरंगे खेल-खिलौने, दीपक, झूमर के साथ ही कागज और गत्ते के लैंप, अनोखे आकार में ढली मोमबत्तियाँ और विद्युत की सतरंगी झालरें सबकुछ संकलित हैं बाजार में। दीपावली के पूर्व ही बाजार सभी आवश्यक वस्तुओं से भर गए हैं। बाजार की रंगत, रौनक न सिर्फ त्योहार की महत्ता का बखान कर रही है, बल्कि सामान्य से लेकर विशेष वर्ग तक के व्यक्ति को अपनी और आकर्षित भी कर रही है। हमने जायजा लिया साज-सज्जा के बाजार का और जानने का प्रयास किया कि इस बार इंदौर के बाजारों में ग्राहकों को लुभाने के लिए क्या नया है। इस बार सबसे खास और नई तकनीक में वाटरप्रूफ इलेक्ट्रिक झालर ग्राहकों को खास लुभा रही है। इसका कारण बल्बों का पाइप में पैक होना है। इसलिए इसे पाइप लैंप सीरिज भी कहा जाता है। यह बाजार में 200 रुपए से लेकर 2500 रुपए तक की रेंज में उपलब्ध है।
सजाएँ आँगन : रजनी इलेक्ट्रिकल्स के सुनील किंगरानी बताते हैं कि इस बार भी बाजार में नए-नए अंदाज में ज्यादातर चायना का इलेक्ट्रिक सामान ही उपलब्ध है। इनमें मौजूद विभिन्न रंगों से आप अपने आँगन को जगमगा सकते हैं। इनमें 15 रुपए से लेकर 150 रुपए तक की झालर उपलब्ध हैं। 50 बल्बों से लेकर 320 बल्बों तक और इससे भी अधिक की झालर आवश्यकता अनुसार बाजार में उपलब्ध है। झालरों की किस्म : इस बार बाजार में सिंगल कलर, मल्टी कलर और फ्लॉवर पैटर्न सीरिज में कई वैरायटी उपलब्ध हैं। इनमें राइज सीरिज, पर्ल सीरिज, डबल फ्लैशर, जेल राइज, नेट सीरिज, फ्लॉवर नेट, एलईडी सीरिज और फाइबर सीरिज शामिल हैं। लाइटिंग स्टार : आपके घर की रौनक में चार चाँद लगाने के लिए बाजार में इस बार लाइटिंग स्टार आया है जो सतरंगी छटा बिखेरने के साथ ही विद्युत खपत भी कम ही करता है। इसकी कीमत 130 रुपए है। जगमगाते दीपक : इस बार भी तेल और बिजली की बचत को ब़ढ़ावा देने के उद्देश्य से बाजार में आर्टिफिशियल दीपकों की झालर मौजूद है। 25 दीपकों की यह झालर 60 रुपए में उपलब्ध है। रंगीन परदा है खास : श्री सुनील ने बताया कि इस बार भी नए अंदाज में इलेक्ट्रॉनिक परदा ग्राहकों को लुभा रहा है। सतरंगी होने के साथ ही इसमें नए बल्बों का प्रयोग किया गया है। यह ग्राहकों के लिए 65 रुपए से लेकर 175 रुपए तक के मूल्य में उपलब्ध हो सकेगा। पाइप लैंप सीरिज : उन्होंने बताया कि सबसे खास और नई तकनीक में वाटरप्रूफ इलेक्ट्रिक झालर ग्राहकों को खास लुभा रही है। इसका कारण बल्बों का पाइप में पैक होना है। इसलिए इसे पाइप लैंप सीरिज भी कहा जाता है। यह बाजार में 200 रुपए से लेकर 2500 रुपए तक की रेंज में उपलब्ध है। ग्राहकों की माँग के अनुसार इसे ब़ड़ा या छोटा किया जा सकता है। हर फ्लैवर में कैंडल : भैया स्टोर्स के संचालक समीत भैया ने बताया कि दीपावली पर ग्राहकों को लुभाने के लिए कई फ्लैवर और आकर्षक आकार में फ्लोटिंग कैंडल बाजार में आईं हैं। ये कैंडल्स 110 रुपए से 160 रुपए तक की रैंज में उपलब्ध हैं। लैमन, ऑरेंज, वेनिला, स्ट्रॉबेरी, ग्रेप्स और ओशिन फ्लैवर खास हैं। हर तरह की सीरिज : श्री इलेक्ट्रॉनिक्स के अशोक कुमार ने बताया कि हर तरह की इलेक्ट्रिक सीरिज बाजार में उपलब्ध है। इनमें प्लास्टिक दीपक की सीरिज, चायनीज बल्ब सीरिज, इलेक्ट्रिक लाइट बॉल (सिंगल कलर, मल्टी कलर) के अलावा फ्लॉवर सीरिज कई रंगों में उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 60 रुपए से शुरु होकर 200 रुपए तक है। ग्राहक की आवश्यकता अनुसार ज्यादा या कम बल्बों की सीरिज उसे उपलब्ध कराई जाती है।