आतिशी का दावा, रमेश बिधूड़ी होंगे दिल्ली में भाजपा के सीएम उम्मीदवार
Delhi election 2025 : दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने शुक्रवार को भरोसेमंद सूत्रों का हवाला देते हुए दावा किया कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने नेता रमेश बिधूड़ी को पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने का फैसला किया है।
आतिशी ने कहा कि यह बिधूड़ी को उनकी पार्टी का सबसे अधिक गाली-गलौज करने वाला नेता होने का इनाम है। आतिशी दिल्ली की कालकाजी सीट से फिर निर्वाचित होने के लिए विधानसभा चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के बिधूड़ी एवं कांग्रेस की अलका लांबा से है।
आतिशी ने प्रेसवार्ता में दावा किया भरोसेमंद सूत्रों से पता चला है कि गाली-गलौज पार्टी ने फैसला किया है कि पार्टी के सबसे अधिक गाली-गलौज करने वाले नेता रमेश बिधूड़ी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।
आप के सुप्रीमो समेत आप नेताओं ने विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेताओं द्वारा उन्हें निरंतर निशाना बनाए जाने को लेकर भाजपा को गाली-गलौज पार्टी की संज्ञा दी है।
बिधड़ी के आतिशी पर बयान पर क्यों मचा बवाल : रमेश बिधूड़ी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के उपनाम को लेकर टिप्पणी करके एक और विवाद खड़ा कर दिया। रोहिणी में भाजपा की परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए बिधूड़ी ने कहा कि आतिशी ने अपना उपनाम मार्लेना से बदलकर सिंह कर लिया है। कालकाजी सीट से मौजूदा विधायक आतिशी ने कुछ समय पहले अपना उपनाम हटा दिया था।
बिधूड़ी ने आरोप लगाया कि वे मार्लेना (आतिशी द्वारा पहले इस्तेमाल किया जाने वाला उपनाम) से सिंह बन गईं, उन्होंने नाम बदल लिया। केजरीवाल ने अपने बच्चों की कसम खाकर कहा था कि भ्रष्ट कांग्रेस के साथ नहीं जाउंगा, (और अब) मार्लेना ने पिता बदल लिया। पहले वह मार्लेना थीं, अब वह सिंह बन गई हैं। यह उनका चरित्र है। बिधूड़ी की बात सुनकर आतिशी रो पड़ीं।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें