गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. more than 95 thousand people have recovered from covid-19
Written By
Last Modified: मंगलवार, 2 जून 2020 (19:03 IST)

Covid-19 : देश में 95 हजार से ज्यादा लोग कोरोना से हुए ठीक, मृत्यु दर सबसे कम

Covid-19 : देश में 95 हजार से ज्यादा लोग कोरोना से हुए ठीक, मृत्यु दर सबसे कम - more than 95 thousand people have recovered from covid-19
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि होने के बीच केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि भारत इस बीमारी के चरम बिंदू से बहुत दूर है और रोकथाम के लिए किए गए उसके उपाय 'बहुत प्रभावी' रहे हैं। देश का रिकवरी रेट लगातार अच्छा हो रहा है, कल 3708 लोग रिकवर हुए हैं, उसी के साथ रिकवर होने वाले लोगों की कुल संख्या 95,526 हो गई है।  यह अन्य देशों की तुलना में काफी बेहतर स्थिति में है।
 
स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कोविड-19 स्थिति पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सिर्फ मामलों की कुल संख्या और भारत के सातवें स्थान पर पहुंचने पर ही ध्यान देना गलत है। उन्होंने कहा कि देशों की आबादी पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि करीब 14 देश जिनकी कुल आबादी भारत के बराबर है, वहां कोरोना वायरस के कारण हुई मौतें 55.2 गुना अधिक हैं। अग्रवाल ने कहा कि कोविड-19 के मामले में हमारी मृत्यु दर 2.82 प्रतिशत और यह दुनिया में सबसे कम है जबकि वैश्विक मृत्यु दर 6.13 प्रतिशत है। हम मामलों की समय पर पहचान और उचित नैदानिक ​​प्रबंधन के कारण इसे हासिल कर पाए हैं। '
 
उन्होंने यह भी कहा कि कोविड-19 के मामलों में भारत में मृत्यु दर प्रति लाख जनसंख्या पर 0.41 प्रतिशत है जबकि वैश्विक स्तर पर यह 4.9 प्रतिशत है और यह दुनिया में सबसे कम है।
 
उन्होंने कहा कि भारत में होने वाली हर दो कोविड​​-19 मौतों में से एक वरिष्ठ नागरिकों की है जो कुल आबादी का 10 प्रतिशत हैं। इसके साथ ही देश में कोविड​​-19 से हुई मौतों में 73 प्रतिशत लोग पहले से ही गंभीर रोग से पीड़ित थे।

अग्रवाल ने कहा कि यह जरूरी है कि अधिक जोखिम वाले लोग आवश्यक एहतियात बरतें और कोविड​​-19 के लक्षणों का अनुभव होने पर समय से चिकित्सा सलाह लें।
 
उन्होंने कहा कि हम अपने अधिक खतरा वाले लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे घर पर रहें। वे अपने समय का सदुपयोग करने और फिट रहने के लिए विभिन्न गतिविधियों को अपना सकते हैं। 
 
अग्रवाल ने कहा कि हमें 'अनलॉक 1' स्थिति में पर्याप्त सावधानी बरतते हुए वायरस के साथ रहने के लिए उपयुक्त व्यवहार का पालन करना होगा। 
 
यह पूछे जाने पर कि क्या भारत सामुदायिक संक्रमण के चरण में प्रवेश कर गया है, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) वैज्ञानिक निवेदिता गुप्ता ने कहा कि सामुदायिक प्रसार शब्द के उपयोग के बजाय, रोग के प्रसार की सीमा को समझना महत्वपूर्ण है और हम अन्य देशों की तुलना में कहां खड़े हैं। वे भी ब्रीफिंग में शामिल थीं।
 
यह पूछे जाने पर कि बीमारी कब चरम बिंदु पर पहुंच जाएगी, गुप्ता ने कहा कि हम उस स्थिति से बहुत दूर हैं। बीमारी पर काबू के लिए हमारे निवारक उपाय बहुत प्रभावी रहे हैं और हम अन्य देशों की तुलना में बेहतर स्थिति में हैं।
 
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के लिए प्रति दिन औसतन 1.20 लाख नमूनों का परीक्षण किया जा रहा है और 476 सरकारी तथा 205 निजी प्रयोगशालाएं परीक्षण कर रही हैं। 
 
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण 204 और लोगों की मृत्यु होने से मंगलवार को मृतकों की कुल संख्या 5,598 हो गई।  8,171 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 1.98 लाख से अधिक हो गयी। आंकड़ों के अनुसार 95,526 लोग ठीक हो चुके हैं और अब भी 97,581 लोग संक्रमित हैं। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक लगभग 48.07 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
CycloneUpdate : चक्रवात निसर्ग को लेकर PM मोदी भी 'अलर्ट'