G-20 Summit : दिल्ली घोषणा पत्र को लेकर शशि थरूर बोले- आम सहमति बनना भारत के लिए गर्व का क्षण...
G-20 Summit : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने 'दिल्ली डिक्लेरेशन' (घोषणा पत्र) पर आम सहमति बनाने के लिए रविवार को भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत की प्रशंसा की और कहा कि यह जी-20 में भारत के लिए गौरवशाली क्षण था।
एक साक्षात्कार में रूस-यूक्रेन पर पैराग्राफ पर आम सहमति बनाने संबंधी कांत की टिप्पणियों को टैग करते हुए थरूर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, बहुत खूब अमिताभ कांत। ऐसा लगता है कि जब आपने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) का चयन किया था, तो भारतीय वन सेवा ने एक उत्कृष्ट राजनयिक खो दिया।
थरूर ने शनिवार रात किए पोस्ट में कहा, दिल्ली डिक्लेरेशन पर आम सहमति को लेकर भारत के जी-20 शेरपा का कहना है कि रूस, चीन से बातचीत की गई, गत रात ही अंतिम मसौदा मिला। जी-20 में भारत के लिए गर्व का क्षण। भारत ने शनिवार को बड़ी कूटनीतिक जीत हासिल करते हुए रूस-यूक्रेन युद्ध पर काफी मतभेदों के बावजूद जी-20 शिखर सम्मेलन में सर्वसम्मति से घोषणा पत्र जारी किया।
कांत ने रविवार को कहा कि यहां लीडर्स समिट में अपनाए गए जी-20 डिक्लेरेशन (घोषणा पत्र) पर आम सहमति बनाने के लिए भारतीय राजनयिकों के एक दल ने 200 घंटे से भी अधिक समय तक लगातार बातचीत की।
संयुक्त सचिव ई. गंभीर और के. नागराज नायडू समेत कई राजनयिकों के एक दल ने 300 द्विपक्षीय बैठकें कीं और जी-20 लीडर्स समिट के पहले दिन ही सर्वसम्मति बनाने के लिए विवादास्पद यूक्रेन संघर्ष पर अपने समकक्षों को 15 मसौदे वितरित किए।
कांत ने कहा, पूरे जी-20 शिखर सम्मेलन का सबसे जटिल हिस्सा भूराजनीतिक पैराग्राफ (रूस-यूक्रेन) पर आम सहमति बनाना था। यह 200 घंटे से अधिक समय तक लगातार बातचीत, 300 द्विपक्षीय बैठकों, 15 मसौदों के साथ किया गया। कांत ने कहा कि इस प्रयास में नायडू और गंभीर ने उनका काफी सहयोग किया।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

