1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. बजट 2016-17
  4. PM Modi Budget old men cashless insurance scheme

बजट में बुजुर्गों को यह तोहफा देगी मोदी सरकार!

PM Modi
नई दिल्ली। सरकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना पर काम कर रही है जिसकी घोषणा आगामी बजट 2016-17 में की जा सकती है।
 
सूत्रों ने बताया कि बैंकों, बीमा कंपनियों, ईपीएफओ और लघु बचत योजनाओं में 10,000 करोड़ रुपए की ऐसी राशि पड़ी है जिसके लिए कोई दावा नहीं किया गया है। इस राशि का इस्तेमाल बुजुर्गों को स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करने के लिए किया जा सकता है। वरिष्ठ नागरिकों को अपने स्वास्थ्य के लिए बच्चों या परिवार पर निर्भर रहना पड़ता है। इस प्रस्तावित योजना के जरिये उनकी द्वितीयक और तृतीयक स्तर की स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा।
 
योजना के तहत 60 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों को 50,000 रुपए से अधिक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाएगा। वित्तमंत्री अरूण जेटली 2016-17 का बजट 29 फरवरी को पेश करेंगे।
 
प्रस्तावित योजना की निगरानी वित्त मंत्रालय के तहत वित्तीय सेवा विभाग करेगा। सरकार का इरादा इस योजना को लाभार्थियों के बैंक खातों से जोड़ने का है जिससे सब्सिडी वाली राशि सीधे उनके खाते में डाली जा सके। प्रस्ताव के अनुसार सरकार गरीबी रेखा से नीचे के लोगों को प्रीमियम पर 90 प्रतिशत तक सब्सिडी देगी, जो सीधे उनके बैंक खातों में डाली जाएगी।
 
सूत्रों ने हालांकि स्पष्ट किया कि सरकार बिना दावे वाली राशि को जब्त नहीं करेगी। यदि कोई दावेदार सामने आएगा तो उसे उसका भुगतान भी किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना कम प्रीमियम वाली प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना का विस्तार होगी। (भाषा)