’अतिथि तुम कब जाओगे’ ये नाम है उस फिल्म का जिसे बनाने की घोषणा हाल ही में की गई है। इस हास्य फिल्म में अजय देवगन और कोंकणा सेन शर्मा की जोड़ी है और इसे अश्विनी धीर निर्देशित करेंगे। अश्विनी इसके पहले ‘वन टू थ्री’ बना चुके हैं।
इस फिल्म में अजय और कोंकणा पति-पत्नी बने हैं। उनके घर परेश रावल मेहमान बन कर आ जाते हैं और फिर जाने का नाम ही नहीं लेते। इस मेहमान को घर से निकालने के लिए अजय-कोंकणा क्या प्रयत्न करते हैं, इसको लेकर हास्य रचा गया है।
‘वेक अप सिड’ की सफलता के बाद कमर्शियल सिनेमा बनाने वाले भी कोंकणा में रूचि लेने लगे हैं। अजय और कोंकणा बतौर हीरो-हीरोइन पहली बार साथ काम करेंगे। इसके पहले वे ‘ओंकारा’ में नजर आए थे।
इस फिल्म की स्टार्ट टू फिनिश शूटिंग कुछ सप्ताह बाद शुरू होगी। कुमार मंगत इसके निर्माता हैं।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें