क्या फेम मिलने के बाद शुभांगी अत्रे ने पति को छोड़ा? पीयूष पूरे के निधन बाद एक्ट्रेस ने बताई अलग होने की वजह
टीवी शो 'भाबीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभाकर लोकप्रियता हासिल करने वाली शुभांगी अत्रे के पूर्व पति पीयूष पूरे का हाल ही में निधन हुआ है। शुभांगी काफी समय से अपने पति से अलग रह रही थीं। इस साल फरवरी में ही शुभांगी और पीयूष का तलाक हुआ था। दोनों की एक बेटी आशी भी है।
पूर्व पति के निधन के बाद से शुभांगी अत्रे को काफी ट्रोल किया जा रहा है। कई यूजर्स आरोप लगा रहे हैं कि एक्ट्रेस फेम मिलने के बाद अपने पति से अलग हो गईं। अब पीयूष पूरे के निधन के 6 दिन बाद शुभांगी ने इन आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
टाइम्स ऑफ इंडिया संग बात करते हुए शुभांगी ने कहा, मैंने 16 अप्रैल को उनसे बात की और उनके ठीक होने की प्रार्थना की। उनके अचानक चले जाने से मैं काफी भावुक और सदमे में हूं। मैं पीयूष को सभी अच्छी चीजों के लिए याद रखना चाहती हूं। मैं जल्द ही उनके परिवार से मिलने इंदौर जाऊंगी।
शुभांगी ने बताई पति को छोड़ने की वजह
शुभांगी ने कहा, हमारी बेटी आशी अमेरिका में पढ़ रही है। जैसे ही उसकी परीक्षाएं खत्म हो जाएगी। हम दोनों साथ में उनके घर जाएंगे। लोगों के लिए बिना पूरी कहानी जाने जज करना बहुत आसान होता है। वे यह मानते हैं कि मैंने अपनी सफलता के कारण उन्हें (पीयूष) छोड़ दिया, लेकिन यह सच नहीं है।
एक्ट्रेस ने कहा, हमारे अलग होने की असल वजह सालों की लड़ाई थी। मैंने उन्हें इसलिए नहीं छोड़ा क्योंकि मैं सफल हो गई, बल्कि मैंने इसलिए छोड़ा क्योंकि उनकी शराब की लत ने हमारे जीवन पर बहुत बुरा असर डाला। मैंने अपनी शादी बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन फिर एक समय ऐसा आया जब मेरे नियंत्रण में कुछ भी नहीं रह गया। उन्हें रिहैब भेजने का भी कोई असर नहीं हुआ। शराब की लत ने उन्हें बर्बाद कर दिया।
पूर्व पति संग संपर्क में थीं एक्ट्रेस
शुभांगी ने बताया कि वह पीयूष से लगातार संपर्क में थीं। उनके निधन से दो दिन पहले ही उन्होंने उनसे बात की थी और उनके ठीक होने की प्रार्थना भी की थी। शुभांगी अत्रे और पीयूष ने साल 2003 में शादी की थी। दोनों साल 2022 से ही अलग-अलग रह रहे थे।