शुक्रवार, 11 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. manoj kumar passes away at 84 son kunal share of father death statement and cremation time
Last Modified: शुक्रवार, 4 अप्रैल 2025 (10:52 IST)

बेटे कुणाल ने बताया आखिरी वक्त कैसी थी मनोज कुमार की हालत, कल होगा अंतिम संस्कार

Manoj Kumar death
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का निधन हो गया है। उन्होंने 87 साल की उम्र में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मनोज कुमार के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उन्हें भारत कुमार के नाम से भी जाना जाता था। 
 
मनोज कुमार अपने पीछे पत्नी शशि गोस्वामी और बेटे कुणाल गोस्वामी को छोड़ गए। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। अब मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने अपने पिता की मौत का कारण बताया है। 
 
न्यूज एजेंसी एएनआई संग बात करते हुए कुणाल ने कहा, नमस्कार, मैं कुणाल गोस्वामी। दुर्भाग्यवश मेरे पिता मनोज कुमार जी का देहांत हो गया आज सुबह 3:30 बजे कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में। वो अस्वस्थ थे काफी टाइम से लेकिन बड़ी शिद्दत से उन्होंने हर चीज का मुकाबला किया है और भगवान की कृपा है, शिरडी बाबा की दया है कि वह चैन से आराम से इस दुनिया से गए। कल सुबह उनका अंतिम संस्कार होगा। साईं राम।
 
कुणाल गोस्वामी ने बताया कि मनोज कुमार की बीमारी कई सालों से चल रही थी। वह दो महीने बाद 88 साल के होने वाले थे। वह सबसे बात करते थे। खासकर अपने पोतों से और अपने सबसे छोटे नाती से... सबसे करते थे। और बड़े खुश थे। बस थोड़ी तकलीफ में थे क्योंकि अस्वस्थ थे और थोड़ा उम्र की वजह से भी तकलीफ में थे।
 
बता दें कि मनोज कुमार ने अपने फिल्मी करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। वह 7 बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित हुए। 1992 में मनोज कुमर को पद्मश्री अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। 2016 में उन्हें दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा गया। 
 
मनोज कुमार का जन्म 24 जुलाई 1937 को एबटाबाद में हुआ था। उनका असली नाम हरिकृष्ण गोस्वामी था। मनोज कुमार को उनकी देशभक्ति फिल्मों के लिए जाना जाता था। इसी वजह से उन्हें बॉलीवुड का 'भारत कुमार' कहा जाता था। एक्टिंग के साथ ही उन्होंने कई फिल्मों का निर्देशन भी किया।
 
ये भी पढ़ें
देशभक्ति की भावना से परिपूर्ण फिल्मों से मनोज कुमार ने बनाई अलग पहचान, पीएम शास्त्री के कहने पर बनाई थी फिल्म उपकार