रोहित शेट्टी की गोलमाल यूनिवर्स में एंट्री करेंगे अक्षय कुमार! अरशद वारसी ने दिया हिंट
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और अरशद वारसी हाल ही में 'जॉली एलएलबी 3' में नजर आए थे। इसके अलावा अक्षय कई हिट फ्रेंचाइजी में नजा आ चुके हैं। हाल ही में खबरें आई थी कि अक्षय एक और हिट फ्रेंचाइजी 'गोलमाल' से जुड़ने वाले हैं। अरशद वारसी के एक इंटरव्यू ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शेट्टी, अक्षय कुमार को पांचवी गोलमाल फिल्म का मेन विलेन बनाना चाहते हैं। फिल्म में उन सभी एक्टर्स की एंट्री होगी, जिन्हें इस फ्रेंचाइजी में पहले देखा जा चुका है। अब पिंकविला संग इंटरव्यू में अरशद ने अक्षय कुमार के साथ नई फिल्म पर काम करने की बात कही है।
पिंकविला संग बात करते हुए अरशद ने पुष्टि की है कि वह 'वेलकम टू द जंगल' के बाद अक्षय कुमार के साथ एक और फिल्म में काम कर रहे हैं। हालांकि अरशद ने फिल्म का नाम सीधा नहीं लिया, लेकिन उन्होंने इसे 'बड़ी मजेदार फिल्म' बताया, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि यह गोलमाल 5 ही है।
'गोलमाल 5' में अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर श्रेयस तलपड़े और कुणाल खेमू की केमिस्ट्री फिर से देखने को मिलेगी। इनके अलावा जॉनी लीवर, संजय मिश्रा और अश्विनी कलसेकर जैसे दिग्गज कलाकार भी हंसी का तड़का लगाएंगे। हालिया रिपोर्ट्स यह भी संकेत देती हैं कि करीना कपूर खान की भी इस फ्रेंचाइजी में वापसी हो सकती है।