तेरे नाम, एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी और रन जैसी फिल्मों का हिस्सा रह चुकीं अभिनेत्री भूमिका चावला साल 2026 को लेकर बेहद उत्साहित हैं। वह जल्द ही फिल्म 'केसर' में नजर आने वाली हैं। नए जोश और ऊर्जा के साथ वह नए साल में नए अवसरों को अपनाने और एक सकारात्मक व फलदायी साल की उम्मीद कर रही हैं।
नए साल से जुड़ी अपनी उम्मीदों और लक्ष्यों पर बात करते हुए भूमिका कहती हैं, मैं 2026 का स्वागत एक नई शुरुआत के रूप में कर रही हूं। मैं सकारात्मकता और विकास के साथ आगे बढ़ना चाहती हूं। मेरी इच्छा है कि मैं लगातार काम करती रहूं, सीखती रहूं और समय के साथ खुद को बेहतर बनाती रहूं।
भूमिका मनोरंजन जगत में सफलता, नाम, शोहरत और पैसा को वह इस इंडस्ट्री के उप-उत्पाद मानती हैं। इस पर वह कहती हैं, ये सभी चीजें जरूरी हैं, लेकिन सफर के दौरान मानसिक शांति और खुश रहना उससे भी ज्यादा अहम है। नाम, शोहरत, पैसा, मानसिक संतुलन और शारीरिक स्वास्थ्य—ये सभी बराबर महत्व रखते हैं।
हालांकि, भूमिका इस बात पर खास जोर देती हैं कि स्वास्थ्य से कभी समझौता नहीं किया जाना चाहिए। वह कहती हैं, जब हम स्वस्थ होते हैं, तो हमें आसपास कई और समस्याएं नजर आती हैं। लेकिन जैसे ही स्वास्थ्य से जुड़ी एक भी समस्या आती है, तब एहसास होता है कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसलिए सेहत हमेशा पहले होनी चाहिए।
मनोरंजन उद्योग को एक चुनौतीपूर्ण जगह बताते हुए और अपने लंबे अनुभव के आधार पर, भूमिका ने अपने छोटे उम्र के खुद के लिए भी एक संदेश साझा किया। वह कहती हैं, मैं खुद से कहूंगी कि ज्यादा भाषाएं सीखो और इस बात को लेकर सतर्क रहो कि तुम किसे अपना समय और जगह दे रही हो। अच्छी संगत खुद को दिया गया सबसे बड़ा तोहफा है। नकारात्मकता से दूर रहो, ना कहना सीखो और आगे बढ़ते रहो। मुश्किल वक्त कभी स्थायी नहीं होता, लेकिन मजबूत लोग जरूर टिके रहते हैं।
भूमिका चावला का दूसरों के लिए संदेश
वह कहती हैं, सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। हम सभी नाम और पहचान चाहते हैं, लेकिन जल्दबाजी और हताशा गलत फैसलों की ओर ले जा सकती है। मैंने जो भी हासिल किया है, उसके लिए कड़ी मेहनत की है। कुछ लोगों को लग सकता है कि मैंने बहुत कुछ हासिल किया है, तो कुछ को लग सकता है कि कुछ भी नहीं। कभी-कभी ऐसा महसूस होता है कि हम किसी वेब पेज पर सिर्फ एक कहानी हैं—और ऐसी कई कहानियां होती हैं, चाहे वे शीर्ष पर हों या न हों। आखिरकार, हम सब एक कहानी ही हैं।