टीवी छुपा दो कि पोंटिंग आता है!!
WD
WDवैसे तो पोंटिंग हमेशा से ही मैदान पर खिसियाने के लिए जाने ही जाते थे पर अब उन्हें ड्रेसिंग रूम की बेजान वस्तुओं पर भी अपनी खीज उतारने के लिए आईसीसी की फटकार पड़ी है। हालाँकि पोंटिंग ने कहा कि उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ विश्वकप मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम के टीवी सेट को जान-बूझकर नुकसान नहीं पहुँचाया था और यह महज एक ‘दुर्घटना’ थी।
पोंटिंग ने मैच रैफरी रोशन महानामा द्वारा प्रस्तावित जुर्माने और लेवल एक के आरोप को स्वीकार कर लिया लेकिन जोर देकर कहा कि उन्होंने जान-बूझकर टीवी सेट को हिट नहीं किया था।
उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि यह बात कहाँ से आई। आईसीसी ने मेरे खिलाफ जो कार्रवाई की, उसे मैंने स्वीकार किया। मैं सिर्फ इतना साफ करना चाहता हूँ कि मैंने अपने बल्ले से टीवी सेट को हिट नहीं किया था।’
पोंटिंग ने कहा, ‘मेरे क्रिकेट बॉक्स से मेरी क्रिकेट किट को धक्का लगा था जिससे टीवी सेट को थोड़ा नुकसान हो गया था।
पोंटिंग को आचार संहिता की 2.1.2 धारा के अंतर्गत दोषी पाया गया था जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या कपड़ों, मैदानी उपकरण या फिटिंग के गलत इस्तेमाल से संबंधित है।
अब जो भी हो पोंटिंग के ऑउट होते ही कई लोग एक ही जुमला दोहराते नजर आ रहे है कि 'टीवी छुपा दो कि पोंटिंग को गुस्सा आता है'।

