1. चुनाव 2026
  2. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 न्यूज़
  4. pm modi west bengal burdwan rally tmc attack
Last Updated :बर्धमान , शनिवार, 11 अप्रैल 2026 (13:21 IST)

बर्धमान में पीएम मोदी बोले, बंगाल में 'खेला', लुटेरों का होगा हिसाब

PM Narendra Modi Burdwan Rally
PM Modi West Bengal Rally : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के वर्धमान में एक चुनावी रैली में कहा कि बंगाल में खेला करने वाला है। इस चुनाव में आपका उमंग, उत्साह, आपकी ऊर्जा, संकल्प... ये भय पर भरोसे की विजय का उद्घोष है। बंगाल परिवर्तन के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सबका साथ-सबका विकास ये तो भाजपा का मंत्र है ही, लेकिन बंगाल में लुटेरों-अत्याचारियों का पूरा हिसाब भी होगा।

उन्होंने कहा कि टीएमसी के 15 साल के राज ने बंगाल के हर नागरिक, हर परिवार को सिर्फ और सिर्फ भय दिया है। ये चुनाव इसी भय को मिटाने का चुनाव है। टीएमसी के भय से मुक्त और भाजपा के भरोसे से युक्त बंगाल... हमें बनाकर रहना है।
 

पैनिक मूड में टीएससी

पीएम मोदी ने दावा किया कि भाजपा के प्रति बंगाल की जनता का प्रेम देखकर टीएमसी पैनिक मूड में आ गई है। इसलिए टीएमसी आपसे झूठ बोल रही है। टीएमसी कह रही है कि भाजपा आएगी तो ये योजना बंद हो जाएगी, वो योजना बंद हो जाएगी। सच तो ये है कि भाजपा कुछ भी बंद नहीं करेगी... भाजपा सिर्फ भ्रष्टाचार की दुकान बंद करेगी, इनकी (टीएमसी) लूट बंद करेगी।
 

घुसपैठियों को चेतावनी

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बंगाल को एक और बड़ी चुनौती से मुक्ति दिलाएगी। जो भारत में घुसपैठ करके आया है, उसको भारत से खदेड़ा जाएगा। मैं हर घुसपैठिए से कहूंगा... वो अपना बोरिया-बिस्तर बांध ले। और इतना ही नहीं, जिन्होंने घुसपैठ कराई, नकली कागज बनाए, यहां सरकारी योजनाओं से उनको जोड़ा... उन सबका भी हिसाब होगा।
 

शरणार्थी परिवारों, महिलाओं और सरकारी कर्मचारियों को गारंटी

पीएम मोदी ने कही कि मैं बंगाल के मतुआ, नामशूद्र और सभी शरणार्थी परिवारों को भी एक गारंटी देने आया हूं। हमारे मतुआ, नामशूद्र और सभी शरणार्थी परिवार यहां TMC के किसी नेता की कृपा से नहीं हैं। आप यहां भारत के संविधान के संरक्षण में हैं। मोदी ने CAA का कानून बनाया ताकि मतुआ, नामशूद्र और सभी शरणार्थियों को संविधान की गारंटी मिले। यहां भाजपा सरकार बनते ही शरणार्थी परिवारजनों को CAA के तहत नागरिकता देने का काम और तेज किया जाएगा। मैं आपको गारंटी देता हूं, पश्चिम बंगाल के सभी स्थायी सरकारी कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग का पूरा लाभ मिलकर रहेगा।
 
उन्होंने कहा कि हमने बंगाल की बहनों, युवाओं और सरकारी कर्मचारियों को तीन बड़ी गारंटियां दी हैं और ये कैसे पूरी होंगी, ये भी बंगाल भाजपा ने जनता के सामने रखा है। बंगाल भाजपा ने बहनों को हर महीने रुपए 3,000 देने का ऐलान किया है। भाजपा के शासनकाल में बंगाल की बहन-बेटियां कभी भी, कहीं भी आ-जा सकेंगी।
 

बंगाल में लगेंगे रोजगार मेले

उन्होंने कहा कि भाजपा यहां ऐसे उद्योग लगाएगी, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिल सके। साथ ही बंगाल भाजपा ने बेरोजगार युवाओं के लिए मदद की घोषणा की है। जो युवा टीएमसी की दुर्नीति के कारण सरकारी भर्ती के लिए ओवरएज हो गए, उन्हें छूट देने का भी ऐलान किया गया है। सरकारी विभागों में जो खाली पद पड़े हैं, उन्हें तेजी से भरा जाएगा। बाकी राज्यों की तरह बंगाल में भी रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे।
 

किसानों को डबल बेनिफिट

उन्होंने कहा कि टीएमसी के धोखे ने आलू किसानों को बर्बाद कर दिया है। एमएसपी पर आलू खरीद का वादा किया था, लेकिन आज किसान का आलू सड़ रहा है। हर किसान का यही हाल है। बंगाल भाजपा ने किसानों के लिए अनेक बड़ी घोषणाएं की हैं। बंगाल के किसानों को डबल इंजन सरकार का डबल बेनिफिट मिलेगा। 
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
क्या आसिम मुनीर को मिलेगा नोबेल शांति पुरस्कार? पाकिस्तान की 'शांतिदूत' भूमिका और भारत के लिए कूटनीतिक चुनौती