पत्नी ने मुझसे पूछा कि जब भी मैं अपने अकेले के लिए चाय बनाती हूँ, वो अकसर उफन क्यों जाती है? इस सवाल का आसान जवाब यही हो सकता है कि ध्यान न रखने पर चाय उफनती है। मगर टीवी पर आ रहे कार्यक्रम "राज पिछले जनम का" देखने वाले जानते हैं कि यदि इस जनम में कोई दिक्कत है, तो इसका कारण पिछले जनम में छुपा है। सो मैंने कहा कि इसका संबंध पिछले जनम से है।
तुम पिछले जनम में जाओ और इसका कारण ढूँढो। मैंने कल्पना की कि पत्नी पिछले जनम में जा रही है, इस कल्पना में आप भी भागीदार बनिए और जानिए राज चाय उफनने का। कल्पना कीजिए कि एक महिला लेटी है और उसे टीवी कार्यक्रम वाले पिछले जनम में ले जा रहे हैं हिदायतें दी जा रही हैं और सवाल पूछे जा रहे हैं - ....आँखें बंद कीजिए....जाइए पिछले जनम में चले जाइए... क्या दिख रहा है? ...जी एक गैस स्टोव दिख रहा है... स्टोव पर क्या है? ...स्टोव पर कुछ उबल रहा है ....ध्यान से देखिए क्या है ...जी चाय है ...आप क्या कर रही हैं...? जी मैं चाय के पास खड़ी हूँ ...और आपके घर में क्या हो रहा है? ....पति की आवाज आ रही है ...पति क्या कह रहे हैं? ....कह रहे हैं कि दिन में दस बार चाय पीती हो और जब तक चाय न बन जाए चाय के आस-पास मँडराती रहती हो ...और क्या कह रहे हैं आपके पति? ...जी वो कह रहे हैं कि टिफिन पैक कर दो, ऑफिस जाना है ...आपने टिफिन पैक किया? ...जी नहीं ....फिर क्या हुआ? ....पति बिना टिफिन लिए ही चले गए ...आप क्या कर रही हैं ...मैं टीवी के सामने बैठकर चाय पी रही हूँ ...फिर क्या हुआ.... जी कुछ नहीं ...ठीक है इस जनम में लौट आइए...।
निदान यह है कि पिछले जनम में मेरी पत्नी चाय बहुत पीती थी। चाय के चक्कर में दूसरे काम नहीं होते थे। सो इस जनम में वो चाय के प्रति लापरवाह है। चाय गैस पर रखकर वो दूसरे कामों में लग जाती है और चाय को भूल जाती है। अब केस नंबर दो- मेरे भाई को कम नमक खाने की आदत है। वो मुझसे पूछता है कि ऐसा क्यों है? मैं जानता हूँ कि कारण पिछला जनम है। पिछले जनम में जरूर उसे हाई ब्लडप्रेशर था, इसीलिए वह नमक से डरता है।
मेरा बेटा पूछता है कि क्लास टीचर उससे नाराज क्यों रहते हैं। ये बात सच है कि वो होमवर्क नहीं करता। पढ़ने में भी बस मेरे जैसा ही है। मगर नाराजगी का कारण ये नहीं है बल्कि पिछले जनम में है। क्लास टीचर उससे पिछले जनम से ही नाराज चल रहा है। पिछले जनम में ऐसा कुछ जरूर हुआ होगा, जिसके कारण इस जनम में टीचर नाराज-सा रहता है। इसी वजह से मैं बेटे के स्कूल से आने वाली शिकायतों पर ध्यान नहीं देता।
बेटा पढ़ता नहीं है तो इसका कारण भी पिछले जनम से जुड़ा हुआ है। बेटी पढ़ाई की बजाय फैशन और मेकअप में ज्यादा ध्यान देती है, तो इसका कारण भी पिछला जनम है। मेरे दोस्त मुझे कंजूस और मौकापरस्त कहते हैं तो इसमें उनका और मेरा कोई कसूर नहीं। सब पिछले जनम के कारण है।