ली चोंग वेई पर जीत से मनोबल बढ़ेगा : श्रीकांत
मुंबई। भारत के चोटी के पुरुष शटलर किदाम्बी श्रीकांत ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करके प्रीमियर बैडमिंटन लीग में ली चोंग वेई को हराया जो मलेशियाई दिग्गज पर उनकी पहली जीत है और बाद में उन्होंने कहा कि इससे उनका काफी मनोबल बढ़ेगा।
विश्व के नंबर नौ खिलाड़ी ने अपनी यादगार जीत के बारे में कहा, मैंने पहली बार उन्हें हराया। इससे पहले मैं आईबीएल (पीबीएल से पहले इंडियन बैडमिंटन लीग) में उनसे तीन गेम में हार गया था। वे सात आठ वर्षो। तक नंबर एक रहे। इस तरह के बड़े खिलाड़ी को हराकर अच्छा महसूस हो रहा है।
ओलंपिक वर्ष में इस तरह की शुरुआत से मनोबल बढ़ेगा। बेंगलुरु टापगन्स के श्रीकांत ने हैदराबाद हंटस के ली को 15-12 6-15 15-7 से हराया। हैदराबाद ने हालांकि यह मुकाबला 3-2 से अपने नाम किया। (भाषा)
