329 नगरों का सफर तय करेगी 'रियो मशाल'
रियो डी जेनेरो। रियो ओलंपिक 2016 की उलटी गिनती अब शुरू हो चुकी है और इन खेलों की मशाल मेजबान देश में 329 नगरों और शहरों में अगले 95 दिनों तक 20 हजार किलोमीटर तक का सफर तय कर 12 हजार लोगों के हाथों से गुजरते हुए संपूर्ण ब्राजील में खेलों के महाकुंभ का संदेश देगी।
रियो ओलंपिक खेलों के आयोजकों ने ओलंपिक टॉर्च रिले की की जानकारी देते हुए बताया कि तीन मार्च से रियो ओलंपिक की मशाल अपने सफर पर निकलेगी और ब्राजील के सभी पांच क्षेत्रों के 329 नगरों और शहरों में 20 हजार किलोमीटर और 10 हजार मील हवाई सफर तय करेगी।
इस दौरान मशाल को करीब 12 हजार लोग थामेंगे और देश की 90 फीसदी जनसंख्या तक अपनी पहुंच बनाने के बाद 95 दिनों के सफर के बाद यह पांच अगस्त को माराकाना स्टेडियम में ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह में पहुंचेगी जिसके साथ ही 2016 ओलंपिक का आरंभ हो जाएगा। आयोजकों ने रियो 2016 ओलंपिक खेलों की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी जानकारी दी है।
आयोजकों ने बताया कि उनका उद्देश्य ओलंपिक मशाल रिले के जरिए ब्राजील की असल झलक दिखाना है और इसीलिए मशाल को देश के सबसे खूबसूरत माने जाने वाले फर्नांडो डी नोरोन्हा और इगुआकू फाल्स पर भी ले जाया जाएगा।
ओलंपिक की परंपरा के अनुसार, ओलंपिक मशाल को 21 अप्रैल को यूनान के ऐतिहासिक शहर ओलंपिया में ही प्रज्ज्वलित किया जाएगा और इसके बाद वह यूनान में भी संक्षिप्त दौरा करेगी।
आयोजकों ने देश के लोगों से ओलंपिक मशाल से बड़ी संख्या में जुड़ने की अपील की है। रियो ओलंपिक 2016 के अध्यक्ष कार्लोस आर्थर नुजमान ने कहा,ओलंपिक मशाल को संपूर्ण देश में ले जाने से हम देश के लोगों को इन खेलों के जश्न से जुड़ने का मौका दे रहे हैं जो उनकी यादों में देर तक रहेगा। हम लोगों को अपने देश की संस्कृति और उसके रंग दिखाना चाहते हैं।
ओलंपिक मशाल ब्राजीली शहर ब्रासीलिया से अपने सफर की शुरुआत करेगी। मशाल के सफर का मसौदा ऑस्कर निमेयर ने हवाई जहाज की आकृति में तैयार किया है। आखिर में मशाल मेजबान शहर रियो पहुंचेगी। (वार्ता)
