सिंधु, श्रीकांत, गुरुसाईदत्त तीसरे दौर में
मलांग। टूर्नामेंट में शीर्ष वरीय महिला खिलाड़ी भारत की पीवी सिंधु और पुरुषों में शीर्ष वरीय किदाम्बी श्रीकांत तथा आरएमवी गुरुसाईदत्त ने इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में गुरुवार को विजयी अभियान को आगे बढ़ाते हुए अपने-अपने वर्ग के तीसरे राउंड में प्रवेश कर लिया।
मकाऊ ओपन चैंपियन सिंधु ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए महिला एकल के दूसरे दौर में इंडोनेशिया की वुलान काहिया उतामी सूकोपुतरी को मात्र 23 मिनट में 21-12, 21-9 से पराजित कर तीसरे दौर में जगह बना ली।
पुरुष एकल के दूसरे दौर में शीर्ष वरीय श्रीकांत और 8वीं वरीय आरएमवी गुरुसाईदत्त ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर तीसरे दौर में जगह बना ली, लेकिन तीसरी वरीय एचएस प्रणय को गैरवरीय चीनी खिलाड़ी शी यूकी से हार झेलकर बाहर होना पड़ा। प्रणय को शी के हाथों 53 मिनट में 21-21, 22-20, 13-21 से हार झेलनी पड़ी।
श्रीकांत ने घरेलू इंडोनेशियाई खिलाड़ी और 402वीं रैंक सापूत्रा विकी एंगा को 3 सेटों के कड़े संघर्ष में 1 घंटे 5 मिनट में 21-14, 17-21, 25-23 से पराजित कर तीसरे दौर में प्रवेश किया।
विश्व के 8वें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत के सामने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए चीनी खिलाड़ी कियाओ बिन की चुनौती होगी जिन्होंने मलेशिया के गोह सून हुआत को 1 घंटे में 9-21, 21-14, 21-11 से हराया।
गुरुसाईदत्त ने 59 मिनट में इंडोनेशिया के कीन यिऊ लोह को 59 मिनट में 21-19, 19-21, 21-15 से हराकर दूसरे दौर का मुकाबला जीता।
गुरुसाईदत्त के सामने अगली चुनौती 12वीं वरीय मलेशिया के इस्कंदर जुल्करनैन जैनुद्दीन की होगी। (वार्ता)
