Mon, 6 Jul 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. PV Sindhu Badminton Ranking

सिंधू तीन स्थान गिरकर पांचवें नंबर पर खिसकीं

PV Sindhu
नई दिल्ली। पीवी सिंधू इंडिया ओपन जीतने के बाद अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ दूसरी रैंकिंग पर पहुंच गई थीं, लेकिन मलेशिया ओपन के पहले दौर में बाहर हो जाने के बाद वे तीन स्थान गिरकर पांचवें नंबर पर खिसक गई हैं।
 
गुरुवार को जारी ताजा विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में सिंधू दूसरे से पांचवें स्थान पर खिसक गई हैं। सिंधू के अब 73559 अंक हैं। स्पेन की कैरोलिना मारिन एक स्थान उठकर दूसरे और कोरिया की सुंग जी ह्युन दो स्थान उठकर तीसरे नंबर पर आ गई हैं। ताइपे की तेई यू जिंग का पहला और जापान की अकाने यामागूची का चौथा स्थान बरकरार है।
 
सिंधू के साथ मलेशिया ओपन के पहले ही दौर में बाहर होने वाली साइना नेहवाल का नौवां स्थान बना हुआ है। साइना इस समय चल रहे सिंगापुर ओपन से हट गई थीं जबकि सिंधू सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं।  
 
पुरुष एकल में अजय जयराम ने छ: स्थान की लंबी छलांग लगाई है और 14वीं रैंकिंग के साथ देश के नंबर एक पुरूष बैडमिंटन खिलाड़ी बन गए हें। जयराम अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। पुरुष एकल के शीर्ष 25 में अन्य कोई भारतीय खिलाड़ी शामिल नहीं हैं।
 
एचएस प्रणय, समीर वर्मा और किदाम्बी श्रीकांत एक एक स्थान गिरकर क्रमश: 27वें, 28वें और 29वें स्थान पर खिसक गए हैं। बी साई प्रणीत ने दो स्थान का सुधार किया है और 30वें नंबर पर आ गए हैं। पुरुष रैंकिंग में मलेशिया के ली चोंग वेई का चोटी का स्थान कायम है जबकि कोरिया के सोन वान हो तीन स्थान के सुधार के साथ दूसरे नंबर पर आ गए हैं। पुरुष युगल में चोटी के 25 खिलाड़ियों में कोई भारतीय जोड़ी नहीं है। महिला युगल में भी यही स्थिति है, लेकिन मिश्रित युगल में प्रणव चोपड़ा और एन. सिक्की रेड्डी का 14वां स्थान बरकरार है। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
सिंधू और प्रणीत क्वार्टर फाइनल में