1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Hockey India League

एचआईएल 2016 में कई भारतीय सितारे उतरेंगे मैदान में

Hockey India League
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चौथे संस्करण में भारतीय हॉकी के कुछ बड़े खिलाड़ी मैदान में नजर आएंगे। यह टूर्नामेंट 18 जनवरी से 21 फरवरी तक देश के छह विभिन्न स्थानों पर खेला जाएगा।
 
दो बार फाइनल में जगह बनाने वाले जेपी पंजाब वॉरियर्स ने अपने पिछले साल के कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इसमें प्रमुख भारतीय स्टार एसवी सुनील भी शामिल हैं।
 
हॉकी वर्ल्ड लीग के कांस्य पदक विजेता टीम के सदस्य रहे सुनील ने 174 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और 56 अंतरराष्ट्रीय गोल दागे हैं। भारतीय कप्तान सरदार सिंह प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन पर सबकी निगाहें टिकी होंगी। वे इससे पहले दिल्ली वेबराइडर्स टीम में थे।
 
ड्रैग-फ्लिकर वी आर रघुनाथ एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो उत्तर प्रदेश विजार्डस के लिए काफी अहम साबित हो सकते हैं। उन्होंने 127 अंतरराष्ट्रीय गोल किए हैं। मौजूदा चैम्पियन रांची रेज की टीम में अनुभवी और भरोसेमंद खिलाड़ी बीरेंद्र लाकड़ा हैं।
 
भारतीय उपकप्तान और गोलकीपर पीआर श्रीजेश उत्तर प्रदेश के लिए खेलेंगे और इस लिहाज से देखें तो रघुनाथ और श्रीजेश की जोड़ी उत्तर प्रदेश की रक्षा पंक्ति को बहुत अधिक मजबूती देगी। (भाषा)