आतंकवादियों के मारे जाने के बाद कांग्रेस ने रद्द की चुनावी सभा
श्रीनगर। अनंतनाग लोकसभा सीट पर आयोजित हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस की ओर से खड़े उम्मीदवार जीए मीर ने सोमवार को चुनाव प्रचार के लिए पुलवामा में तय सभा को रद्द कर दिया है। दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए 2 आतंकवादियों को लेकर यहां विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ने कहा कि पंपोर और पुलवामा विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार को होने वाले चुनावी सभा को रद्द कर दिया गया है। सुरक्षा बलों के साथ पंदगामपोर में हुए मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों को लेकर पंपोर और पुलवामा सोमवार को पूरी तरह से बंद रहा। इन्हीं जगहों पर चुनावी सभाएं होने वाली थीं।
मीर ने बताया कि पूरा जिला बंद है इसलिए मानवीय आधार पर हमने सोचा कि यह बेहतर होगा कि सोमवार को कोई सभा आयोजित नहीं की जाए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह जिले के नेवा और पुलवामा चौक पर पत्थरबाजी होने की सूचना मिली है। कानून प्रवर्तन एजेंसी क्षेत्र में व्यवस्था बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन घटनाओं में किसी के भी घायल होने की कोई खबर नहीं है। हिजबुल मुजाहिदीन के 2 आतंकवादी रविवार को उस समय मारे गए थे, जब वे एक पुलिस दल पर हमला करने की कोशिश कर रहे थे। उस दल में अधीक्षक रैंक के 3 अधिकारी थे। (भाषा)