1. खेल-संसार
  2. »
  3. लंदन ओलिम्पिक 2012
  4. »
  5. ओलिम्पिक समाचार
Written By भाषा
Last Modified: लंदन , शनिवार, 4 अगस्त 2012 (23:38 IST)

सच हुआ सपना- साइना

साइना नेहवाल
FILE
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल कांस्य पदक जीतने के बाद भी विश्वास नहीं कर पा रही थी कि उनका वर्षों का पुराना सपना आज लंदन ओलंपिक में सच हो गया।

साइना को चीन की खिलाड़ी शिन वैंग के आधे मैच से हटने के कारण कांस्य पदक मिला। उन्होंने बाद में कहा कि मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि मैंने पदक जीत लिया है।

बैडमिंटन में मैंने कभी नहीं सोचा था कि भारत पदक जीत सकता है क्योंकि प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी है। इससे मेरा सपना सच हो गया। उन्होंने कहा कि मैंने कड़ा अभ्यास किया था और मुझे काफी अपेक्षाएं थीं।

मैंने शुरू में सोचा कि वे केवल विश्राम ले रही है क्योंकि वे थक गई थीं लेकिन बाद में मुझे लगा कि उसे चोट लग गई है। यह दुखद है कि उन्हें चोट लगी लेकिन मैं उन्हें हराने के प्रति आश्वस्त थी क्योंकि मैं लय हासिल कर रही थी।

साइना ने कहा कि चोटी की चीनी खिलाड़ी यिहान वैंग के खिलाफ सेमीफाइनल में हार से वे अब भी आहत हैं क्योंकि उन्होंने गलत रणनीति अपनाई थी। उन्होंने कहा कि आज का मैच महत्वपूर्ण था।

लेकिन कल जो कुछ हुआ मैं उसके बारे में सोच रही थी। खेल बढ़ने के साथ हालांकि मैंने बेहतर खेल दिखाना शुरू कर दिया। मुझे लगा कि वे थक गई हैं और मेरे पास मौका है। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें