बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र, ओडिशा से महाराष्ट्र तक IMD का अलर्ट
Weather Update : बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से महाराष्ट्र, तेलंगाना और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो रहे हैं। इस बीच हिमाचल से मानसून पूरी तरह विदा हो गया जबकि महाराष्ट्र में 5 अक्टूबर से पहले दक्षिण-पश्चिमी मानसून के लौटने की संभावना नहीं है। जानिए देश में मौसम का हाल?
ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट : बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र अवदाब में तब्दील होने वाला है। इस वजह से ओडिशा में रविवार सुबह तक भारी बारिश होने की संभावना है। आज सुबह से ही राज्य की राजधानी भुवनेश्वर सहित राज्य के तटीय और दक्षिणी क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन स्थिति से निपटने के लिए तैयारी कर रहा है।
मौसम विभाग ने कहा कि 26 सितंबर की शाम तक बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश-ओडिशा-पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तटों पर 35-45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और 55 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी तट पर 26 सितंबर की शाम से 27 सितंबर की दोपहर तक हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच जाएगी। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
Depression over northwest and adjoining west central Bay of Bengal off South Odisha- North AP coasts moved nearly westwards with a speed of 10 kmph during past 6 hours and lay centred at 2330 hrs IST of yesterday, 26th September 2025, over NW BoB close to south Odisha coast
— India Meteorological Department (@Indiametdept) September 26, 2025
तेलंगाना में मूसा नदी का जलस्तर बढ़ा : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद और राज्य के अन्य हिस्सों में भारी बारिश के बाद मूसी नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लगभग 1,000 लोगों को एहतियात के तौर पर राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया है। तेलंगाना के प्रमुख बस अड्डे महात्मा गांधी बस स्टेशन (एमजीबीएस) में बाढ़ का पानी घुस गया, जिसके कारण अधिकारियों को बस सेवाओं को रोकना पड़ा। बस अड्डे पर इंतजार कर रहे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौसम कार्यालय ने 27 सितंबर को तेलंगाना के कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, बिजली कड़कने के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई है।
महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट : बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब से महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में अगले तीन दिन तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने परामर्श जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 27 से 29 सितंबर के बीच मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और विदर्भ में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। पहले से ही भारी बारिश झेल रहे मराठवाड़ा में 26 से 29 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 27 और 28 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र सरकार के सूचना और जनसंपर्क महानिदेशालय ने कहा है कि राज्य में 5 अक्तूबर से पहले दक्षिण-पश्चिमी मानसून के लौटने की संभावना नहीं है।
हिमाचल से विदा हुआ मानसून : मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 सितंबर को हिमाचल प्रदेश से पूरी तरह से विदा हो गया। राज्य के 12 में से आठ जिलों -चंबा, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर और मंडी से बुधवार को मानसून लौट गया था। कुल्लू और शिमला जिलों के अधिकतर क्षेत्रों के साथ ही लाहौल-स्पीति के कुछ स्थानों से भी मानसून शुक्रवार को विदा हो गया। राज्य में इस साल औसतन 1,023 मिलीमीटर बारिश हुई जो मानसून में सामान्य बारिश से 40 प्रतिशत अधिक है। मानसून के दौरान सामान्य रूप से 730 मिलीमीटर बारिश होती है।
दिल्ली में कैसा है मौसम : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार और रविवार को बारिश नहीं होने तथा हल्के बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 82 प्रतिशत दर्ज की गई है।
edited by : Nrapendra Gupta....
