गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. loksabha budget session roar no confidence motion against speaker om birla
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 9 फ़रवरी 2026 (12:14 IST)

लोकसभा में हंगामा, स्पीकर ओम बिरला पर अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है विपक्ष

No-Confidence Motion Against Speaker Om Birla
No Confidence Motion against Speaker : संसद के बजट सत्र के दौरान लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है। आज भी लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया और इसकी कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। विपक्षी सांसद आज सदन में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्‍वास प्रस्ताव ला सकते हैं।
 
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि नियम से बोलने का हक सभी को है। सदन गतिरोध और नारेबाजी करने के लिए नहीं है। इस दौरान विपक्ष के सांसदों ने 'राहुल गांधी को बोलने दो' के नारे लगाए और हंगामा किया।
 
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष के नेताओं की सदन में बैठक हुई, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। साथ ही कांग्रेस पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी को अगर सदन में बोलने दिया जाएगा तो सदन चलेगा नहीं तो संसद में हंगामे के आसार हैं।

सदन में विपक्ष के लिए जगह नहीं 

कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि संसदीय नियमों के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष एक शैडो प्रधानमंत्री होता है। लेकिन यहां, नेता प्रतिपक्ष को सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा है। सरकार कुछ भी कह सकती है और किसी पर भी हमला कर सकती है। स्पीकर खुद कांग्रेस की महिला सांसदों पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन इस सदन में विपक्ष के लिए बिल्कुल भी जगह नहीं है और उन्हें बोलने भी नहीं दिया जा रहा है। विपक्ष के खिलाफ इस तरह का रवैया पहले कभी नहीं हुआ। हम कार्रवाई का इंतजार करेंगे।
 
उन्होंने आगे कहा, 'अमेरिका-भारत व्यापार समझौता कुछ हद तक चौंकाने वाला था और नेता प्रतिपक्ष इस बारे में स्पीकर से कुछ बातें कहना चाहते थे, लेकिन इसकी भी इजाज़त नहीं दी गई। सरकार संसद को अपने लिए बचाकर रखना चाहती है।'
 
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्षी पार्टियों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने की खबरों पर समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि जो भी INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता निर्णय लेंगे सभी उसी पर रहेंगे और मानेंगे।

क्या बोलीं हरसिमरत कौर बादल

शिरोमणि अकाली दल सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि मैं उस विपक्ष का हिस्सा नहीं हूं, वे क्या करते हैं क्या नहीं ये वही जानें। मैं सरकार, स्पीकर से मैं गुजारिश करती हूं कि जो यहां सांसद हैं उन्हें लोगों ने चुनकर भेजा है। लेकिन आप जब बोलने ही नहीं देंगे तो इस सदन में लोगों का पैसा क्यों खर्च किया जा रहा है? अब इतनी जरूरी बात जो भारत-अमेरिका व्यापार समझौता में देश को जो गुमराह किया गया है। आप देश के किसानों को बर्बाद करके देश आबाद नहीं कर सकते। मैं आग्रह करती हूं कि सरकार विपक्ष को बोलने दें, अगर विपक्ष को बोलने ही नहीं दिया जाएगा तो यह संसद क्यों बनाई है?
edited by : Nrapendra Gupta 
 
ये भी पढ़ें
कानपुर के निजी बैंक में कस्‍टमर से भिड़ गई महिला कर्मचारी, वायरल हुआ वीडियो