• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news for 20 June 2025 in India
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 20 जून 2025 (09:15 IST)

Weather Update: देश के अधिकांश भागों में छाया मानसून, मुंबई पुणे में भारी बारिश, IMD का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार मानसून ने बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार होते हुए उत्तरप्रदेश के दक्षिणी जिलों में दस्तक दे दी है, वहीं झारखंड की राजधानी रांची समेत कई जिलों में और कोलकाता में बारिश की वजह से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है

National monsoon mission
Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार देश के लगभग सभी हिस्सों में मानसून (monsoon) छा गया है। दक्षिण पश्चिम मानसून (southwest monsoon) के प्रभाव से मुंबई पुणे में भारी बारिश हुई है। दूसरी ओर पश्चिमी तट पर गुजरात, महाराष्ट्र तो पूर्वी तट पर ओडिशा, बंगाल में मानसून ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। आईएमडी (IMD) के अनुसार मानसून ने बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार होते हुए उत्तरप्रदेश के दक्षिणी जिलों में दस्तक दे दी है, वहीं झारखंड की राजधानी रांची समेत कई जिलों में और कोलकाता में बारिश की वजह से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
 
मुंबई में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। आईएमडी ने राजधानी के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इस सप्ताह भारी बारिश के कारण सड़कें, रेलवे स्टेशन और शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए हैं। आईएमडी ने बताया कि शुक्रवार को भी मुंबई में भारी बारिश होने की संभावना है। 21 और 22 जून को भी बारिश जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने मुंबई के अलावा पुणे में भी गुरुवार को भारी बारिश होने की संभावना जताई है।ALSO READ: Weather Update: राजस्थान, यूपी में मानसून की दस्तक, 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
 
दिल्ली-एनसीआर में बारिश को लेकर अलर्ट : मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आज गर्मी से राहत मिल सकती है। दिनभर आसमान ने बादल छाए रहने की संभावना है।
 
यूपी में 5 दिन की देरी से पहुंचा मानसून : आईएमडी की मानें तो उत्तरप्रदेश में मानसून 5 दिन की देरी से 18 जून यानी कि बुधवार को पहुंचा। पूर्वी उत्तरप्रदेश में 19 जून से मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और यह 28 जून तक यह पूरे प्रदेश को कवर कर चुका होगा।ALSO READ: Weather Update: पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए कैसा है यूपी, बिहार का मौसम?
 
पूर्वी राज्यों में मानसून ने दी दस्तक : बिहार सहित सभी पूर्वी राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग की मानें तो बिहार में अगले 6 दिनों तक यानी कि 25 जून तक आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि पड़ोसी राज्य झारखंड में भी मानसून ने दस्तक दे दी है। 20 जून को राज्य में भारी बारिश की संभावना है।
 
राजस्थान में कई जगहों पर हुई बारिश, जैसलमेर में पारा 44.6 डिग्री : जयपुर से मिले समाचारों के अनुसार राजस्थान में कई जगह गुरुवार को भी बारिश जारी रही हालांकि सीमावर्ती इलाकों में गर्मी का दौर जारी है और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार शाम 5.30 बजे तक करौली में 36.5 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई, वहीं अजमेर में 18.2 मिमी, प्रतापगढ़ में 5.5 मिमी और कोटा में 4.6 मिमी बारिश हुई।ALSO READ: Weather Update : मध्य प्रदेश पहुंचा मानसून, जानिए क्या है देश में बारिश का हाल?
 
राजधानी जयपुर सहित कई जगह भी बूंदाबांदी हुई और बादल छाए रहे, वहीं जैसलमेर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री, गंगानगर में 42.3 डिग्री, फलौदी और बीकानेर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार समय से 1 हफ्ते पहले बुधवार को राजस्थान में दस्तक दे दी थी। मानूसन के प्रभाव से 20 जून को उदयपुर, कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी या अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है जबकि जयपुर, अजमेर व भरतपुर संभाग में भी में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है।
 
झारखंड में रांची समेत 5 जिलों में शुक्रवार को स्कूल बंद रहेंगे : रांची से मिले समाचारों के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी बारिश का अनुमान जताये जाने के बाद झारखंड में रांची समेत 5 जिलों में शुक्रवार को स्कूल बंद रहेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। रांची, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में सभी स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे जबकि पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में 8वीं कक्षा तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी। बुधवार से लगातार हो रही बारिश के कारण रांची और खूंटी में गुरुवार को स्कूल बंद रहे।
 
आईएमडी ने गुरुवार सुबह 8.30 बजे से शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक रांची के लिए 'रेड' अलर्ट (भारी से बेहद भारी बारिश) जारी किया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण रांची जिला प्रशासन ने 1 दिन और अवकाश बढ़ाने का फैसला किया है। अधिसूचना के मुताबिक भारी बारिश की संभावना और विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जिले में केजी से 12वीं कक्षा तक के सभी श्रेणी के विद्यालयों को 20 जून को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
 
अधिसूचना में बताया गया कि इस आदेश का पालन न करने की स्थिति में संबंधित स्कूल को आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की संबंधित धाराओं के तहत जवाबदेह ठहराया जाएगा। खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में शुक्रवार को 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां प्रशासन ने भारी बारिश के मद्देनजर सभी विद्यालयों को शुक्रवार को 8वीं तक की कक्षाएं स्थगित करने का आदेश दिया।
 
रांची में बुधवार सुबह 8.30 बजे से गुरुवार सुबह 5.30 बजे तक 216.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि झारखंड में भारी बारिश के कारण 3 स्थानों पर 2 स्कूली बच्चों और 10 वर्षीय 1 लड़की सहित 4 लोगों की मौत हो गई, साथ ही कई जिलों में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को झारखंड पहुंचे दक्षिण-पश्चिम मानसून से व्यापक बारिश हुई, जिसके 20 जून तक पूरे राज्य में जारी रहने की संभावना है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
Iran Israel War : ईरान ने क्लस्टर बम दागे, इजराइल का खामेनेई के बंकर वाले लवेजान पर हमला