• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Amit Shah gave this statement on the role of Delhi Police regarding the G20 summit
Written By
Last Modified: गुरुवार, 16 फ़रवरी 2023 (18:59 IST)

जी20 शिखर सम्मेलन को लेकर दिल्ली पुलिस की भूमिका पर अमित शाह ने दिया यह बयान...

Amit Shah
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि 2023 दिल्ली पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष होगा, क्योंकि इस साल राष्ट्रीय राजधानी जी20 शिखर सम्मेलन के लिए दुनियाभर से अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों की मेजबानी करेगी।

दिल्ली पुलिस के 76वें स्थापना दिवस परेड में उन्होंने एएसआई शंभू दयाल को भी श्रद्धांजलि दी, जिनकी पिछले महीने पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी में एक झपटमार ने हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा, मैं एएसआई शंभू दयाल को श्रद्धांजलि देता हूं जिनके सर्वोच्च बलिदान से सभी की आंखों में आंसू आ गए।

दयाल (57) को मायापुरी में मोबाइल फोन छीनने के आरोप में पकड़े गए एक व्यक्ति ने कई बार चाकू मारा था। चार दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद दयाल ने आठ जनवरी को दम तोड़ दिया था। गृहमंत्री ने दिल्ली पुलिस की ‘एमपासपोर्ट सेवा’ पहल का भी उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा, दिल्ली में रहने वाले लोगों को अब अपने पासपोर्ट के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि उन्हें पहले के 15 दिनों की जगह अब पांच दिनों के भीतर पुलिस की मंजूरी मिल जाएगी। शाह ने कहा कि भारत के जी20 की अध्यक्षता संभालने के साथ 2023 खास महत्व रखता है।

शाह ने कहा, दिल्ली पुलिस के लिए 2023 एक महत्वपूर्ण वर्ष होगा क्योंकि भारत जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। ट्रैफिक और सुरक्षा के लिहाज से शहर की पुलिस को सतर्क रहना होगा, क्योंकि कई देशों के प्रमुख यहां आएंगे।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान दिल्ली पुलिस का मानवीय पक्ष सभी ने देखा जब कर्मियों ने बुजुर्गों और समाज के अन्य कमजोर वर्गों की मदद की। केंद्रीय मंत्री ने कहा, उस दौरान बहुत से सुरक्षाकर्मियों की जान भी गई।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि 2019 में संविधान के अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद कश्मीर ने आतंकी गतिविधियों में कमी और पर्यटन को फिर से शुरू करने के साथ एक बड़ा बदलाव देखा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूर्वोत्तर में वामपंथी चरमपंथ और उग्रवाद की घटनाओं में भी उल्लेखनीय गिरावट देखी गई है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
पृथ्वी शॉ के साथ सेल्फी लेने पर विवाद, मारपीट का लगा आरोप