शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. MP Local Body Polls Phase I Result 2022 : BJP Wins 7 Mayoral Seats Out of 11
Written By
Last Modified: रविवार, 17 जुलाई 2022 (23:40 IST)

MP : 7 नगर निगमों के महापौर पद पर BJP की जीत, 3 पर कांग्रेस और सिंगरौली में AAP की मेयर बनीं

MP : 7 नगर निगमों के महापौर पद पर BJP की जीत, 3 पर कांग्रेस और सिंगरौली में AAP की मेयर बनीं - MP Local Body Polls Phase I Result 2022 : BJP Wins 7  Mayoral Seats Out of 11
भोपाल। मध्यप्रदेश के नगर निकाय चुनाव की रविवार को हुई पहले चरण की मतगणना में कुल 11 नगर निगमों के महापौर पदों में से 7 पर भाजपा, 3 पर कांग्रेस और एक पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को जीत मिली है।
इंदौर, भोपाल, उज्जैन, बुरहानपुर, सतना, खंडवा और सागर में महापौर पर के लिए भाजपा के प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए जबकि ग्वालियर, जबलपुर और छिंदवाड़ा में कांग्रेस तथा सिंगरौली में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने महापौर पद के लिए जीत दर्ज की है।

मध्यप्रदेश के कुल 16 नगर निगमों के पहले चरण के मतदान में 11 नगर निगम के चुनाव 6 जुलाई को हुए थे।  
 
इंदौर से भाजपा प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव ने 1 लाख 33 हजार 176 मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज कराई। भार्गव को 5 लाख 93 हजार 458 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय शुक्ला को 4 लाख 60 हजार 282 मत प्राप्त हुए। इंदौर नोटा मतों के मामले में भी काफी आगे रहा। यहां नोटा को 6 हजार 40 वोट हासिल हुए। 
 
बुरहानपुर में भाजपा की माधुरी पटेल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार शहनाज अंसारी को 542 मतों के अंतर से हराया है। सतना में भाजपा के प्रत्याशी योगेश कुमार ताम्रकर ने कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा को 24,916 मतों के अंतर से पराजित किया। खंडवा में भाजपा की उम्मीदवार अमृता यादव ने कांग्रेस की आशा जैन को 19,763 मतों से पराजित किया है।
सागर में भाजपा की उम्मीदवार संगीता तिवारी ने कांग्रेस की निधि जैन को 12,665 मतों से हराया है। सिंगरौली से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रानी अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के चंद्र प्रताप विश्वकर्मा को 9,231 मतों के अंतर से हराया। 
 
आम आदमी पार्टी (आप) ने पहली बार मप्र निकाय चुनाव में कदम रखा है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनाव प्रचार के दौरान अग्रवाल के समर्थन में रोड शो किया था। छिंदवाड़ा में कांग्रेस के विक्रम सिंह आहके ने भाजपा के अंतर कुमार धुर्वे को 3,786 मतों के अंतर से पराजित किया। छिंदवाड़ा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का गृह क्षेत्र है।
 
उज्जैन में भाजपा के मुकेश टटवाल कांग्रेस के महेश परमार पर केवल 736 मतों के अंतर से जीत सके। यहां रिकाउंटिंग के बाद रिजल्ट घोषित किया गया। भोपाल में भाजपा की मालती राय कांग्रेस की विभा पटेल से 98 हजार से अधिक मतों की निर्णायक बढ़त पर हैं। जबलपुर में कांग्रेस के जगत बहादुर सिंह ने भाजपा के डॉ. जितेंद्र जामदार को 44,339 मतों से पराजित किया। ग्वालियर में कांग्रेस की शोभा सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार सुमन को 28,805 मतों से पराजित किया।
ये भी पढ़ें
मानसून सत्र आज से, महंगाई से लेकर अग्निवीर तक इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष