• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Budget will build a strong foundation to fulfill the grand vision of developed India: VD Sharma
Written By
Last Modified: गुरुवार, 1 फ़रवरी 2024 (18:05 IST)

विकसित भारत के विराट संकल्प की पूर्ति के लिए एक मजबूत नींव का निर्माण करेगा बजट: वीडी शर्मा

विकसित भारत के विराट संकल्प की पूर्ति के लिए एक मजबूत नींव का निर्माण करेगा बजट: वीडी शर्मा - Budget will build a strong foundation to fulfill the grand vision of developed India: VD Sharma
भोपाल। संसद में मोदी सरकार की ओर से पेश किया गया अंतरिम बजट वह 2047 के विकसित भारत के संकल्प का आधार तैयार करने वाला बजट है, यह कहना है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का। उन्होंने कहा कि अंतरिम बजट में महिला, युवा, किसान, गरीब आदि सभी वर्गों पर फोकस है। यह सर्वव्यापी, सर्वसमावेशी और सर्वस्पर्शी बजट इस सोच पर आधारित है कि भारत का सर्वांगीण विकास किस तरह किया जा सकता है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच यह है कि युवा, किसान, गरीब, महिला आदि सभी वर्गों को मजबूती कैसे दी जा सकती है। भाजपा सिर्फ चुनाव जीतने और सरकार में आने के लिए नहीं है, अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि यह देश के अमृतकाल की शुरुआत है। उनका संकल्प है कि आजादी के अमृतकाल में 2047 तक विकसित भारत कैसे बनाया जाए।

वीडी शर्मा ने कहा कि देश के अन्य नेता जो सोचते हैं, प्रधानमंत्री का विजन उससे 100 साल आगे का होता है। उन्होंने कहा कि अंतरिम बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 11 लाख 11 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान करना, रक्षा के क्षेत्र में 11.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी करना इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य अगले तीन साल में 5 ट्रिलियन और 2030 तक 7 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का है, जिसे हासिल करने में यह बजट काफी मददगार सिद्ध होगा।

गरीब कल्याण के साथ सर्वहारा के हितों को पूरा करने वाला बजट- उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का फोकस गरीब, युवा, किसान, महिला आदि सभी वर्गों के उत्थान पर है। इसीलिए इस बजट के अंदर भी दो करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास देने, स्व सहायता समूहों के माध्यम हमारी बहनों को सक्षम बनाने के प्रावधान किए गए हैं। हमारे लिए महिला सशक्तीकरण केवल नारा नहीं है, इसीलिए बजट में तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।।

राम रीत से हो रहा नए भारत का निर्माण- भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने जो काम किए हैं, चाहे वो रामलला की प्राणप्रतिष्ठा हो, या गरीबों का जीवन बदलने तथा उन्हें सशक्त और सबल बनाने का अभियान हो, यही काम हमारी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की संस्कृति और उसके सम्मान को सारी दुनिया में स्थापित किया है। चाहे वह अंतरराष्ट्रीय योगा डे हो, या फिर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो, इनके साथ पूरी दुनिया खड़ी दिखाई दी। आज सारी दुनिया यह महसूस कर रही है कि यह नव भारत का नवोत्कर्ष है। यही हमारे आत्मविश्वास का आधार है। हमारी केंद्रीय वित्त मंत्री अगर यह कहती हैं कि जुलाई माह में हम बजट प्रस्तुत करेंगे, जिसमें बाकी चीजें आएंगी, तो यही हमारा कान्फिडेंस है। हम कहते हैं कि ’मोदी के मन में एमपी’ तो अब एमपी के मन में भी मोदी जी हैं। हमारा हर बूथ मोदी बूथ बनेगा और आगामी लोकसभा चुनाव में हम सभी 29 सीटों पर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में राम रीत से नए भारत का निर्माण हो रहा है।

मोदी ने बदला भारत की राजनीति का कल्चर- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजनीति का कल्चर बदल गया है। राजनीति में एक वर्क कल्चर शुरू हुआ है, जिसका अर्थ है काम के आधार पर आगे बढ़ना। हर व्यक्ति, जो मिनिस्टर हो या कोई पार्टी पदाधिकारी हो, उसे शुचिता की राजनीति का दिखावा नहीं करना है, बल्कि इसे करके दिखाना है। यही प्रधानमंत्री की सोच है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि जो काम में नहीं करने के लिए दूसरों को कहता हूं, वो काम मैं स्वयं भी नहीं करता हूं। इसी में मेरा आत्मबल और आत्मविश्वास है।
 

ये भी पढ़ें
Budget 2024 : सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम पर सरकार का जोर, 9 से 14 साल की लड़कियों का होगा टीकाकरण