• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. मप्र-छग
Written By ND
Last Modified: भोपाल , शनिवार, 7 जून 2008 (09:19 IST)

मानसून के लिए करना होगा इंतजार

मानसून इंतजार
मानसून के लिए आसमान की ओर टकटकी लगाए लोगों के लिए यह बुरी खबर है। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश में मानसून आने में देरी हो सकती है। यह दो दिनों से गोआ में ही अटका है। अब नया सिस्टम बनने पर ही यह आगे बढ़ेगा। हालाँकि 10 जून के बाद प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियाँ बढ़ जाएँगी।

मौसम केंद्र के अनुसार केरल तट पर बना सिस्टम अरब की खाड़ी में आगे बढ़ गया है। इस कारण दक्षिण- पश्चिम मानसून गोआ में रुककर झमाझम बारिश कर रहा है। इससे मानसून के प्रदेश में देरी से पहुँचना तय माना जा रहा है। सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून के दस्तक देने की नियत तिथि 15 जून है।

बादलों का जमावड़ा : बंगाल की खाड़ी में बादलों का जमावड़ा शुरू हो गया है। यदि मौसम में सब कुछ सामान्य रहा, तो यह अगले दो-तीन दिनों में आगे बढ़ जाएगा। इसके कारण गोआ में ठहरे मानसून को भी गति मिल जाएगी। प्रदेश में 10 जून के बाद प्री-मानसून की गतिविधियाँ बढ़ जाएँगी। यह दक्षिणी हवाओं के प्रदेश में प्रवेश करने से होगा। इससे लोगों को गर्मी से कुछ और राहत मिल जाएगी। (नईदुनिया)