1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

दलबदलुओं की पौ-बारह

कर्नाटक भाजपा
कर्नाटक की राजनीति में इन दिनों बदलाव का दौर है। कट्टर कांग्रेसी रातोरात भाजपाई बन गए। जबकि, पाला बदलने से एक दिन पहले तक भाजपा उनके लिए घोर सांप्रदायिक दल था। कुछ लोग जो पहले कांग्रेस से भाजपा में गए और अब घर वापसी कर चुके हैं, वे अब महसूस करने लगे हैं कि भाजपा अब तक सांप्रदायिक रही है और घर वापसी की खुशी मना रहे हैं।

भाजपा के रथ पर सवारी करने वाले हाल के लोगों में कांग्रेस के डीबी चंद्रगौड़ा भी हैं, जिन्होंने 1978 में इंदिरा गाँधी के लिए सुरक्षित सीट उपलब्ध कराने के लिए चिकमंगलूर संसदीय क्षेत्र खाली कर दी थी।

भाजपा ने चंद्रगौड़ा को बेंगलुरु उत्तर से मैदान में उतारा है, जहाँ वे कांग्रेस के वयोवृद्घ नेता और पूर्व रेलमंत्री सीके जाफर शरीफ का मुकाबला करेंगे। भाजपा में शामिल होने वाले दूसरे कांग्रेसी नेता एलआर शिवराम गौड़ा को मांड्या सीट से भाजपा का टिकट दिया गया है।

मांड्या से कांग्रेस नेता और कन्नाड़ अभिनेता एमएच अंबरीश सांसद रहे हैं। भाजपा ने उत्तर कर्नाटक के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरपदप्पा नागमारपल्ली को भी पटाने में सफलता पाई है जो बीदर से राज्य विधानसभा के सदस्य थे। उन्हें अब कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री एन. धरमसिंह से मुकाबला करना है।

भाजपा में अभिनेता : विधानसभा और कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हुए कन्नड़ फिल्म अभिनेता, फिल्म निर्माता और रीयल एस्टेट कारोबारी सीपी योगेश्वर भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा ने उन्हें बेंगलुरु ग्रामीण संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतारा है जहाँ उनका मुकाबला पूर्व मुख्यमंत्री और जद-एस के उम्मीदवार एचडी कुमारस्वामी और निवर्तमान कांग्रेसी सांसद तेजस्विनी गौड़ा से होगा।

वोक्कलिंगा की राजनीति : भाजपा ने चंद्रगौड़ा, शिवराम गौड़ा और योगेश्वर का बड़ी उत्सुकता से भाजपा में स्वागत किया था क्योंकि ये राजनीतिक रूप से ताकतवर वोक्कलिंगा समुदाय से हैं।

भाजपा में वोक्कलिंगा समुदाय के बहुत कम नेता हैं और भाजपा का आधार राजनीतिक आधार लिंगायत समुदाय में है। भाजपा ने एक और कांग्रेस नेता वी. सोमन्न का पार्टी में स्वागत किया है। वे कर्नाटक विधानसभा की सदस्यता और पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं और अगले सप्ताह औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगे।

कांग्रेस भी कम नहीं : कांग्रेस ने भी भाजपा के एक सांसद को पार्टी में मिलाने में सफलता पाई। बेंगलुरु शहर के पूर्व पुलिस कमिश्नर और 2004 में भाजपा के टिकट पर बेंगलुरु उत्तर की सीट जीतने वाले एचटी सांगलियाना को कांग्रेस ने बेंगलुरु मध्य से अपना प्रत्याशी बनाया है। यह नई सीट संसदीय क्षेत्रों के पुनर्सीमांकन के बाद बनी है।

कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री एस. बंगरप्पा को भी फिर से पार्टी में शामिल किया है। उन्हें अपने पुराने निर्वाचन क्षेत्र शिमोगा से प्रत्याशी बनाया गया है। उनका मुकाबला मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीएस राघवेन्द्र से होगा जो भाजपा के प्रत्याशी हैं। जद (एस) का वोक्कलिंगा समुदाय के नेताओं में खासा असर है, पर पार्टी को भाजपा के कुछ दूसरे दर्जे के लिंगायत नेताओं का ही समर्थन मिल सका है।-वेबदुनिया डेस्क