Hanuman Chalisa
Tue, 3 Nov 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Sharjeel Khan, spot-fixing

स्पॉट फिक्सिंग मामले में शारजील पर 5 साल का प्रतिबंध

Sharjeel Khan
कराची। पीसीबी की भ्रष्टाचार रोधी पंचाट ने टेस्ट बल्लेबाज शारजील खान पर इस साल फरवरी में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के दौरान स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण में उनकी भूमिका के लिए आज पांच साल का प्रतिबंध लगाया। शारजील को पीसीबी की भ्रष्टाचार रोधी संहिता की पांच धाराओं के उल्लघंन के लिए प्रतिबंधित किया गया।
 
पंचाट द्वारा जारी एक संक्षिप्त आदेश के अनुसार शारजील पर दो चरण में यह पांच साल का प्रतिबंध लगेगा जिसमें से ढाई साल वह पीसीबी की निगरानी में निलंबित सजा भुगतेगा।
 
यह प्रतिबंध इस साल 10 फरवरी से प्रभावी हुआ, जब उन्हें पहले निलंबित किया गया था और पाकिस्तान के एक अन्य खिलाड़ी खालिद लतीफ के साथ स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों में दुबई से वापस भेज दिया गया था।
 
यह सजा लाहौर उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश असगर हैदर की अध्यक्षता वाली पंचाट द्वारा सुनाई गई, जिसका मतलब है कि 28 वर्षीय शारजील दो साल के बाद अपना करियर दोबारा शुरू कर सकते हैं।
 
शारजील के वकील शेघन एजाज ने मीडिया से कहा, ‘हम इस फैसले से संतुष्ट हैं और जैसा कि मैंने कहा, पीसीबी पंचाट को यह साबित करने के लिए पुख्ता सबूत पेश नहीं कर सकी कि उसने स्पॉट फिक्सिंग की थी।’ 

शारजील एक टेस्ट, 25 वनडे और 25 टी20 मैच खेल चुके हैं, उन्हें पूर्व मुख्य कोच वकार यूनिस ने पाकिस्तान का ‘वॉर्नर’ करार किया था, लेकिन वह शारजील के पीएसएल फिक्सिंग विवाद के बारे में जानकर काफी निराश थे। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
प्रो कबड्डी : यू मुंबा ने हरियाणा को 38-32 से हराया