कोरोना के खिलाफ जंग में 10 लीटर के 2000 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स उपलब्ध कराएगा BCCI
नई दिल्ली:भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) कोरोना महामारी पर काबू पाने में भारत के प्रयासों में मदद के तौर पर 10 लीटर के दो हजार ऑक्सीजन कन्सट्रेटर्स उपलब्ध कराएगा।
बोर्ड ने सोमवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अगले कुछ महीनों में बोर्ड देश भर में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स वितरित करेगा और उसे उम्मीद है कि जरूरतमंद रोगियों को महत्वपूर्ण चिकित्सा सहायता और देखभाल की सुविधा प्रदान की जाएगी और यह पहल महामारी द्वारा फैलाए गए कहर को कम करेगी। दरअसल पूरा देश अभी कोरोना की खतरनाक दूसरी लहर की चपेट में आ गया है और इस वक्त देश भर में चिकित्सा उपकरणों और जीवन रक्षक ऑक्सीजन की बहुत ज्यादा मांग है।
BCCI to contribute 10-Litre 2000 Oxygen concentrators to boost Indias efforts in overcoming the COVID-19 pandemic.
— BCCI (@BCCI) May 24, 2021
More details here - https://t.co/XDiP374v8q #IndiaFightsCorona pic.twitter.com/BhfX8fwirH
बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इस बारे में कहा, “ बीसीसीआई यह बात स्वीकार करता है कि चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा समुदाय ने इस अभूतपूर्व समय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अब भी निभा रहा है क्योंकि हम वायरस के खिलाफ एक लंबी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने सच में फ्रंटलाइन वारियर की तरह हमें बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया है। बोर्ड ने हमेशा अपनी प्राथमिकता सूची में स्वास्थ्य और सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा है और इस उद्देश्य के लिए वह प्रतिबद्ध है। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स वायरस से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करेंगे और उनके जल्दी स्वस्थ होने में मदद करेंगे।”
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा, “ हम कोराेना महामारी के खिलाफ इस सामूहिक लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। बीसीसीआई संकट की इस घड़ी में चिकित्सा उपकरणों की सख्त जरूरत को समझता है और उम्मीद करता है कि उसके इस प्रयास से देश भर में पैदा हुई ऑक्सीजन की मांग-आपूर्ति के अंतर को कम करने में मदद मिलेगी। हम सभी बहुत कुछ कर चुके हैं, लेकिन मुझे विश्वास है कि अब हम स्थिति पर काबू पा सकते हैं, क्योंकि टीकाकरण अभियान चल रहा है। मैं सभी पात्र लोगों से वैक्सीन लगवाने का आग्रह करता हूं। ”(वार्ता)

