शुक्रवार, 27 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Former Nepal PMs wife dies of burns after protesters set their house on fire
Last Updated :काठमांडू , मंगलवार, 9 सितम्बर 2025 (22:15 IST)

Generation Z protests in Nepal : नेपाल में हिंसा का तांडव, पूर्व PM की पत्नी को जिंदा जलाया, सेना ने संभाला मोर्चा

Former Nepal PMs wife dies of burns
नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों ने हालात को और बिगाड़ दिया है। इस बीच मीडिया में चौंकाने वाली खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री झालानाथ खनल की पत्नी राज्यलक्ष्मी चित्रकार की उनके आवास पर ज़िंदा जलाकर हत्या कर दी गई। मीडिया खबरों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री के घर को आग के हवाले कर दिया। पूर्व प्रधानमंत्री झालानाथ खनाल के घर में आग लगा दी। इसमें उनकी पत्नी राज्यलक्ष्मी चित्रकार गंभीर रूप से जल गईं। उन्हें तुरंत कीर्तिपुर बर्न अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मंत्रियों के घरों को निशाना बनाया जा रहा है और कई मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। सरकार के मंत्रियों और उनके करीबियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा जा रहा है। 

जेन जेड का कोहराम 
देशभर में दो दिनों से कई जगहों पर तोड़फोड़, पथराव और आगजनी की घटनाएं सामने आईं हैं। उग्र भीड़ ने कई सरकारी इमारतों में आग लगा दी। प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री कार्यालय सिंह दरबार, संघीय संसद, सर्वोच्च न्यायालय, विशेष न्यायालय, महान्यायवादी कार्यालय और शीर्ष राजनीतिक नेताओं के घरों और कार्यालयों में आगजनी और तोड़फोड़ की। इन प्रदर्शनकारियों को जेनरेशन जेड या जेन जेड कहा जा रहा है।

वित्त मंत्री को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा को उनके घर में घुसकर पीटा, जबकि वित्त मंत्री विष्णु पौडेल को काठमांडू में उनके घर के पास दौड़ा-दौड़ाकर मारा गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक प्रदर्शनकारी उनके सीने पर लात मारते हुए दिख रहा है। देश में जारी हिंसक हिंसक घटनाओं के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने पद से इस्तीफा दे दिया। सेना का एक हेलिकॉप्टर उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले गया है।
राजधानी काठमांडू और आसपास के इलाकों में हुई झड़पों और आगजनी में अब तक करीब 22 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 400 से ज्यादा लोग घायल हैं। प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगा दी और प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली, राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल और गृहमंत्री के निजी आवासों पर भी हमला कर तोड़फोड़ और आगजनी की। प्रदर्शनकारी राइफल लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
नेता देश से बाहर भाग न जाएं इसलिए एयरपोर्ट पर आग लगा रहे हैं। मीडिया खबरों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने भैरहवा एयरपोर्ट पर आग लगा दी है।  

सेना ने संभाला मोर्चा, आंदोलनकारियों से की अपील
हिंसक आंदोलन के दौरान नेपाली सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। सेना ने बयान जारी कर कहा है कि वर्तमान प्रतिकूल परिस्थितियों का अनुचित लाभ उठाकर कुछ समूह नागरिकों और सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, लूटपाट और आगजनी कर रहे हैं। नेपाल सेना एक बार फिर ऐसी गतिविधियों में शामिल न होने का आग्रह करती है। कहा कि अगर ऐसी गतिविधियां नहीं रुकीं, तो नेपाल सेना और सभी सुरक्षा एजेंसियां, अपनी मुख्य जिम्मेदारी के रूप में डटी रहेंगी।  इनपुट एजेंसियां Edited by : Sudhir Sharma