1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. On ninth day of Navratri Chief Minister Yogi Adityanath performed Kanya Pujan at Gorakhnath Temple
Last Modified: गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) , शुक्रवार, 27 मार्च 2026 (17:31 IST)

मुख्यमंत्री योगी ने किया कन्या पूजन, अपने हाथों से कराया भोजन, दक्षिणा व उपहार देकर लिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री योगी ने सभी श्रद्धालुओं को प्रभु श्री राम के पावन जन्मोत्सव की बधाई दी

On ninth day of Navratri Chief Minister Yogi Adityanath performed Kanya Pujan at Gorakhnath
- मुख्यमंत्री योगी ने 9 दुर्गा स्वरूपा कन्याओं का विधि विधान से पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी
- कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंचे बटुकों को भी श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दी 
- कन्या पूजन से मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से आराधना हुई
Chief Minister Yogi Adityanath : मातृशक्ति के प्रति असीम श्रद्धाभाव से उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए अनेक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने वाले मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने वासंतिक (चैत्र) नवरात्रि की नवमी तिथि पर शुक्रवार को गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार कन्या पूजन किया। गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र में आयोजित कन्या पूजन अनुष्ठान में मुख्यमंत्री योगी ने 9 दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे, उनका विधि-विधान से पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी, श्रद्धापूर्वक भोजन कराया और दक्षिणा, उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने परंपरा का निर्वहन करते हुए बटुक पूजन भी किया।

गोरक्षपीठाधीश्वर ने सबसे पहले कन्याओं के पांव पखारे। उनके माथे पर रोली, चंदन, अक्षत आदि का तिलक लगाया। दुर्वा से उनका अभिषेक किया, माला पहनाई। चुनरी ओढ़ाकर एवं दक्षिणा-उपहार प्रदान कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने अन्न क्षेत्र में सभी कन्याओं व बटुकों की श्रद्धाभाव से आरती भी उतारी। पूजन के बाद इन कन्याओं को मंदिर की रसोई में पकाया गया ताजा भोजन प्रसाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने हाथों से परोसा। आयोजन में आईं सभी कन्याओं को पूजनोपरांत चुनरी, दक्षिणा और उपहार दिए गए।
कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंचे बटुकों को भी श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह भी ख्याल रखते रहे कि किसी भी कन्या या बटुक की थाली में भोजन प्रसाद की कोई कमी न रहे। इसे लेकर वह मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को निर्देशित करते रहे।

कन्या पूजन अनुष्ठान के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ सहित कई संत व मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कन्या पूजन से पूर्व प्रातःकाल के पूजन सत्र में मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से आराधना हुई।

मुख्यमंत्री योगी ने सभी श्रद्धालुओं को दी 'रामनवमी' की बधाई

प्रभु श्री राम के पावन जन्मोत्सव श्री रामनवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रभु श्री राम भारतीय चेतना के वे आदर्श हैं, जिनमें करुणा और कर्तव्य का अद्भुत संतुलन है। उनका जीवन स्मरण कराता है कि शक्ति का सौंदर्य मर्यादा में है और विजय का अर्थ लोकमंगल में।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी का यह पावन दिवस हमें प्रेरित करता है कि हम अपने आचरण में सत्य, व्यवहार में करुणा और समाज में समरसता को स्थान दें, यही 'रामत्व' का सच्चा उत्सव है। प्रभु श्री राम की कृपा से आप सभी के जीवन में शांति, संतुलन और सद्भाव बना रहे, यही मंगलकामना है।
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
दिल्ली से सीधे छिंदवाड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बस हादसे के मृतकों के परिजनों से की मुलाकात