शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. लाल सागर में यानबू बंदरगाह पर जहाज पर हमले की आशंका, धुआं उठता दिखा
Written By
Last Updated : मंगलवार, 27 अप्रैल 2021 (18:51 IST)

लाल सागर में यानबू बंदरगाह पर जहाज पर हमले की आशंका, धुआं उठता दिखा

Ship attack | लाल सागर में यानबू बंदरगाह पर जहाज पर हमले की आशंका, धुआं उठता दिखा
दुबई। सऊदी अरब के यानबू बंदरगाह पर मंगलवार सुबह काले धुंए का गुबार उठते देखकर लाल सागर में किसी अज्ञात घटना की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि एक निजी सुरक्षा कंपनी ने एक जहाज पर संभावित हमले को लेकर आगाह किया था।
 
लाल सागर में मंगलवार की घटना को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। हालांकि यह घटना ऐसे वक्त में हुई है, जब ईरान के साथ परमाणु संधि को लेकर दुनिया के देशों से बातचीत शुरू होने के बीच इसराइल और ईरान के बीच छद्म युद्ध के तहत पश्चिम एशिया में जहाजों को निशाना बनाकर हमले किए जा रहे हैं। सऊदी अरब ने भी घटना को लेकर तत्काल कोई जानकारी नहीं दी है।

 
ब्रिटिश नौसेना द्वारा संचालित ब्रिटेन की मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने सिर्फ इतना बताया कि वह घटना से अवगत है और इस संबंध में जांच जारी है। निजी समुद्री सुरक्षा कंपनी ड्रायड ग्लोबल ने इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी दिए बगैर कहा कि उसे एक जहाज पर हमले की सूचना मिली है। समु्द्री सुरक्षा कंपनी नेप्च्यून पी2पी ग्रुप ने बताया कि उसे यानबू बंदरगाह के दक्षिणी प्रवेश द्वार के पास काले धुंए का गुबार दिखने की सूचना मिली।


ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा कंपनी एंब्रे ने कहा कि यानबू और रबीग बंदरगाहों के बीच पश्चिमी सऊदी अरब के तट पर किसी घटना के होने की आशंका है। कंपनी ने कहा कि इससे पहले सुबह सऊदी के बंदरगाह यानबू के तट पर एक जहाज से धुंआ उठते देखा गया। क्षेत्र में कई टैंकर मौजूद रहते हैं। एंब्रे ने बताया कि यानबू में किंग फहद बंदरगाह निगरानी केंद्र से समुद्री वीचएफ रेडियो के जरिए एक संदेश प्रसारित कर जहाजों को अपनी सतर्कता बढ़ाने के लिए सचेत किया गया तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति की निगरानी करने के लिए कहा गया। (भाषा)