1. खबर-संसार
  2. »
  3. वेबदुनिया सिटी
  4. »
  5. इंदौर
Written By Naidunia

आम ही आम व्यापार

इंदौर समाचार
पिछले तीन-चार दिनों में इंदौर मंडी में दक्षिण भारत से आम की आवक 150 से 160 मोटर की होने से चारों तरफ आम ही आम दिखाई दे रहा है। भाव भी बुरी तरह से टूट गए हैं। खेरची में भी आम के भाव घटने लगे हैं। उप्र से दशहरी आम की शुरुआत भी हो गई है। इंदौर से आसपास के संभागों में आम जा रहे हैं।
इंदौर की फल मंडी में विजयवाड़ा, श्रीनिवासपुर, बेंगलुरू, कृष्णागिरी एवं चित्तामणि से बड़ी मात्रा में आम इंदौर मंडी में आ रहा है। पिछले दिनों वर्षा हो जाने से भी आम की बेचवाली बढ़ी है। दक्षिण भारत में केमिकल से आम पकाने पर सख्ती की वजह से तोतापरी आम भी मप्र के बाजारों में आ रहा है। सामान्यतः तोतापरी आम में पल्प बनाने वालों की खरीदी रहती है, इस बार सरकारी सख्ती से खरीदी कम है। दक्षिण से तोतापरी, लालपट्टा, सुन्दरी, बादाम, नीलम एवं उप्र से दशहरी आम की आवक होने लगी है। इंदौर मंडी में थोक में तोतापरी 6 से 9 रु. बादाम 10 से 16 रु. सुंदरी 8 से 11 रु. नीलम 8 से 10 रु. वैरायटी 5 से 8 रु. किलो। बादाम टोकनी 90 से 180 रु. दशहरा 18 से 25 रु. किलो लूज में बिक रहा है। दशहरी की 4-5 मोटर की आवक हो चुकी है। आम की आवक का प्रभाव अन्य फलों पर पड़ा है। चीकू 12 से 15 रु. तरबूज 4 से 8 रु. खरबूजा 7 से 8 रु. किलो बिकने लगा है।