1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Vigilance in Delhi in view of Corona

कोरोना की दहशत के बीच दिल्ली में विशेष सतर्कता, डिप्टी सीएम सिसोदिया ने दिए आवश्यक निर्देश

Manish Sisodia
नई दिल्ली। कुछ देशों में कोरोनावायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बीच उपजी आशंकाओं के मद्देनजर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने सोमवार को अस्पतालों को सामान्य दवाएं खरीदने के लिए 104 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस आशय के विशेष निर्देश दिए हैं।
 
समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सरकारी अस्पतालों के प्रमुखों को शाम तक बिस्तर, वेंटिलेटर, आईसीयू, मानव संसाधन, ऑक्सीजन संयंत्र और चिकित्सा उपकरणों का विवरण स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा करने का निर्देश दिया।
 
सिसोदिया के हवाले से एक बयान में कहा गया कि वैश्विक स्तर पर कोविड मामलों में वृद्धि सभी के लिए चिंता का विषय है। दिल्ली के अस्पतालों को पहले से तैयारी करने और सतर्क रहने को कहा गया है। इसमें कहा गया कि सरकारी अस्पतालों में किसी भी दवा की कमी न हो और वे किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें, इसके लिए 104 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
 
उन्होंने कहा कि केंद्र के निर्णय के मद्देनजर मंगलवार को अस्पतालों में 'मॉक ड्रिल' आयोजित की जाएगी ताकि कोविड-19 से जुड़ी किसी भी घटना से निपटने के लिए उनकी तैयारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा किसी भी कमी को तुरंत दूर किया जाएगा।
 
अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली सरकार के पोर्टल पर मंगलवार से जनता के लिए बिस्तर, ऑक्सीजन सिलेंडर और वेंटिलेटर की उपलब्धता संबंधी जानकारी उपलब्ध रहेगी और कोविड जांच में भी वृद्धि की जा सकती है। फिलहाल शहर में रोजाना 2,500 से 3,000 नमूनों की जांच की जा रही है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
कोरोना के खतरे के मद्देनजर अस्पतालों का जायजा लेना शुरू, केंद्र के निर्देश पर होगी मॉक ड्रिल