1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. delhi markets may shut soon, CM kejriwal send proposal to center

दिल्ली में फिर बंद हो सकते हैं बाजार, सीएम केजरीवाल ने भेजा प्रस्ताव

CM Kejriwal
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केन्द्र को दिल्ली सरकार को बाजार वाले इलाकों में लॉकडाउन लगाने का अधिकार देने का प्रस्ताव भेजा है, जो कि कोविड-19 के ‘हॉटस्पॉट’ बन सकते हैं।
 
अब शादियों में 50 लोगों की अनुमति : केजरीवाल ने आज डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि दिल्ली में कोरोना की स्थिति के मद्देनजर कुछ अहम निर्णय लिए गए हैं। पहला यह कि कुछ कुछ हफ्ते पहले दिल्ली में कोरोना की स्थिति में जब सुधार हुआ था तो दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार के निर्देशों को मद्देनजर रखते हुए और केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक दिल्ली में शादियों में शामिल होने वाले लोगों की संख्या 50 से बढ़ाकर 200 तक करने की अनुमति दे दी थी। जिसके बाद शादियों में 50 की जगह 200 तक लोग शामिल होने लगे थे।
 
कोरोना की स्थिति को देखते हुए आज दिल्ली सरकार ने अपने उस आदेश को वापस लेने का फैसला लिया है। अब निर्णय लिया गया है कि शादियों में 200 की बजाय अब केवल 50 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति रहेगी। मैने इस निर्णय का प्रस्ताव आज सुबह ही एलजी साहब के पास उनकी मंजूरी के लिए भेज दिया है। मैं उम्मीद करता हूं कि एलजी साहब से जल्दी ही मंजूरी मिल जाएगी।
 
केंद्र से मांगी लॉकडाउन की अनुमति: सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ बाजारों में दिवाली के समय काफी ज्यादा लोगों न तो मास्क पहन रहे थे और न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे थे, जिसकी वजह से कोरोना बहुत ज्यादा फैला। इस पर हमारी तरफ से एक प्रस्ताव बना कर केंद्र सरकार को भेजा जा रहा है।
 
केंद्र सरकार ने पिछली बार जो गाइडलाइन जारी किए थे, उसमें उन्होंने कहा था कि कोई भी राज्य सरकार अगर किसी भी स्थानीय स्तर या छोटे स्तर पर कोई लॉकडाउन लगाना चाहती है, तो उसे केंद्र सरकार की अनुमति लेनी पड़ेगी। इसलिए हमारी तरफ से एक सामान्य प्रस्ताव बना कर केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है कि अगर कहीं पर जरूरत महसूस होती है, तो छोटे स्तर पर लॉकडाउन लगाया जा सके।
 
अब दिवाली खत्म हो गई और हम उम्मीद करते हैं कि बाजारों के अंदर जो ज्यादा भीड़ थी, वह भीड़ कम हो जाएगी और हमें स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि फिर भी अगर जरूरत पड़ी और सारी कोशिशों के बावजूद भी अगर किसी भी बाजार में हम देखते हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने के निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है और वह क्षेत्र एक तरफ से स्थानीय कोरोना हॉटस्पॉट बन सकता है, तो वहां पर बाजार को कुछ दिनों के लिए ऐहतियात के तौर पर बंद करने की इजाजत दिल्ली सरकार को दी जाए, ऐसा प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा रहा है। मैंने एलजी साहब को इसकी मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेज दिया है।
 
कोरोना को काबू करने की कोशिश : केजरीवाल ने कहा कि हम सभी लोग देख रहे हैं कि किस तरह से सारी सरकारें मिलकर कोरोना को काबू करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि इस कठिन परिस्थिति में केंद्र सरकार ने दिल्लीवालों की मदद की है। इसमें सबसे बड़ी मदद यह है कि उन्होंने 750 आईसीयू बेड जल्द से जल्द बढ़ाने का आश्वासन दिया है। इससे हमें सबसे ज्यादा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि कुछ प्राइवेट अस्पतालों को छोड़ दें, बाकी अस्पतालों में बेड अभी पर्याप्त हैं। आईसीयू बेड की संख्या लगातार कम होती जा रही थी। इसके लिए केंद्र सरकार आगे बढ़कर मदद का आश्वासन दिया है।
 
केजरीवाल की अपील : सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस वक्त सारी सरकारें, केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, सारी एजेंसी, डीआरडीओ, आईसीएमआर और एम्स सभी लोग मिलकर कोरोना को काबू करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। सभी कोरोना की स्थिति को काबू करने के लिए दोगुनी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन यह तब तक नहीं ठीक हो सकता, जब तक कि आप और हम सब लोग ऐहतियात नहीं बरतेंगे। उन्होंने लोगों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की भी अपील की।
अगला लेख
आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्वदेशी तकनीक