शाहरुख खान ने बदली रणनीति, विशाल के साथ करेंगे फिल्म!
शाहरुख खान की 'दिलवाले' बॉक्स ऑफिस पर कमजोर रही। फिल्म भी शाहरुख खान के स्टारडम के स्तर की नहीं लगी। इन सब बातों पर गौर फरमा कर शाहरुख खान ने अपनी रणनीति बदल दी है। वे अब तक अपने इर्दगिर्द जमा दोस्तों की फिल्में ही करते आए हैं, लेकिन अब उन निर्देशकों के साथ काम करने के इच्छुक हैं जो अलग तरह का सिनेमा बनाते हैं। जिनके साथ शाहरुख ने पहले कभी फिल्म नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक विशाल भारद्वाज के साथ शाहरुख फिल्म कर सकते हैं। इस समय विशाल 'रंगून' में व्यस्त हैं। रंगून की शूटिंग खत्म होने के बाद शाहरुख को लेकर वे फिल्म प्लान कर सकते हैं।
शाहरुख और विशाल के संबंध खट्टे-मीठे रहे हैं। विशाल ने शाहरुख की फिल्मों की आलोचना भी की है जिससे शाहरुख नाराज भी हुए। लेकिन अब उनके बीच संबंध ठीक है और विशाल कई बार शाहरुख को लेकर फिल्म बनाने का इरादा जाहिर कर चुके हैं। संभव है कि आने वाले दिनों में इस बात की घोषणा हो।