1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. neha marda phitku deodorant success story 10 rupees fitkari to crore business journey
Last Updated : शनिवार, 16 मई 2026 (13:37 IST)

बालिका वधू की 'गहना' बनीं बिजनेस क्वीन, 10 रुपये की फिटकरी से खड़ा किया करोड़ों का ब्रांड

Neha Marda
फेमस टीवी सीरियल 'बालिका वधु' में गहना का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस नेहा मर्दा इन दिनों एंटरप्रेन्योरशिप की दुनिया में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। नेहा अब करोड़ों का बिजनेस संभाल रही हैं। नेहा ने एक ऐसी घरेलू चीज को प्रीमियम प्रोडक्ट में बदल दिया, जिसके बारे में आम तौर पर लोग बात करने से भी कतराते हैं। 
 
नेहा मर्दा ने मात्र 10 रुपये की फिटकरी से 'Phitku' नाम का एक स्टार्टअप शुरू किया, जो आज 2 करोड़ रुपये महीने का बिजनेस कर रहा है। 'Phitku' एक अंडरआर्म रो-ऑन है। नेहा मर्दा की इस एंटरप्रेन्योरशिप यात्रा की शुरुआत एक बेहद निजी और संवेदनशील अनुभव से हुई। 
डिलीवरी के बाद नेहा को गंभीर रूप से 'बॉडी ओडर' और अंडरआर्म पिगमेंटेशन की समस्या का सामना करना पड़ा। एक पब्लिक फिगर होने के नाते इस समस्या ने उनके आत्मविश्वास को हिलाकर रख दिया था। नेहा ने बाजार में उपलब्ध तमाम ऑर्गेनिक और केमिकल-युक्त डियोड्रेंट्स का इस्तेमाल किया, लेकिन किसी से कोई स्थायी समाधान नहीं मिला। तब नेहा ने अपनी इस समस्या को छुपाने के बजाय इसे एक बिजनेस अवसर में बदलने का फैसला किया।
 
10 रुपये की फिटकरी का जादू
नेहा ने अपने पति राहुल डोकानिया और भाई सुमित मर्दा के साथ मिलकर आयुर्वेद में सदियों से इस्तेमाल होने वाली 'फिटकरी' पर काम करना शुरू किया। करीब 3 साल तक गहन रिसर्च एंड डेवलपमेंट किया। उन्होंने बाजार में मिलने वाली साधारण फिटकरी को रिफाइन करके एक प्रीमियम, केमिकल-फ्री और खुशबू-रहित 'क्रिस्टल अंडरआर्म रोल-ऑन' तैयार किया, जो बैक्टीरिया को खत्म कर 24 घंटे तक ताजगी देता है।
 
ट्रोलिंग से लेकर 14 करोड़ के रेवेन्यू तक का सफर
शुरुआत में इस प्रोडक्ट को 99 रुपये की किफायती कीमत पर लॉन्च किया गया था। लेकिन बाद में फॉर्मूलेशन, पैकेजिंग और क्वालिटी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए इसकी कीमत बढ़ाकर 999 रुपये कर दी गई। इतनी भारी कीमत बढ़ने की वजह से सोशल मीडिया पर ब्रांड को काफी ट्रोल भी किया गया।
हालांकि, नेहा ने हार नहीं मानी। उन्होंने सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम के जरिए ग्राहकों को फिटकरी के वैज्ञानिक फायदों और अपनी मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस के बारे में बताया। नतीजा यह हुआ कि उनके इंस्टाग्राम पेज पर 2.45 करोड़ से ज्यादा ऑर्गेनिक व्यूज आए। मात्र 10 महीनों के भीतर इस ब्रांड से 2 लाख से ज्यादा ग्राहक जुड़े और कंपनी ने 14 करोड़ रुपये से अधिक का कुल रेवेन्यू पार कर लिया।
 
नेहा मर्दा अपने को-फाउंडर्स के साथ बिजनेस रिएलिटी शो 'शार्क टैंक इंडिया' के मंच पर भी पहुंची थीं। वहां उन्होंने एक शानदार कव्वाली और डांस परफॉर्मेंस के साथ अपनी पिच शुरू की। हालांकि, शार्क के सामने उनकी राह इतनी आसान नहीं थी। टीवी सेलिब्रिटी होने के कारण शार्क्स ने उनकी शुरुआती ग्रोथ और मार्केटिंग स्ट्रेटजी पर कई तीखे सवाल उठाए।
 
नमिता थापर ने 999 रुपये की कीमत पर सवाल उठाते हुए कहा था, भारत में 100-200 रुपये में डियोड्रेंट मिलते हैं, ऐसे में क्या भारतीय उपभोक्ता 999 रुपये का प्रोडक्ट खरीदेगा? वहीं अनुपम मित्तल ने प्रोडक्ट के 'फ्रेग्रेंस-फ्री' होने के दावे को लेकर पूछा था कि क्या यह सिर्फ एक पब्लिसिटी स्टंट या गिमिक है?
 
तमाम कड़े सवालों और बहस के बावजूद, बोट के को-फाउंडर अमन गुप्ता और शादी डॉट कॉम के फाउंडर अनुपम मित्तल 'Phitku' के बिजनेस मॉडल और सेल्स आंकड़ों से बेहद प्रभावित हुए। अंततः, शार्क्स ने मिलकर नेहा मर्दा के ब्रांड में 1% इक्विटी और रॉयल्टी शर्त के साथ 3.6 करोड़ रुपये का भारी-भरकम इन्वेस्टमेंट किया।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
'रामायणम्' के लिए साथ आया भारतीय सिनेमा का सबसे विशाल क्रू, 10 हजार से ज्यादा लोग कर रहे हैं काम!