रक्षा मंत्रालय की मंजूरी और री-शूट ने फंसाया 'बैटल ऑफ गलवान' की रिलीज पर पेच, क्या पोस्टपोन होगी फिल्म?
साउथ सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अपूर्व लखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2020 की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई भयानक लड़ाई पर आधारित है। फिल्म में सलमान खान, कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
फिल्म को लेकर एक ऐसी खबर सामने आ रही है, जिससे फैंस थोड़े निराश हो सकते हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 'बैटल ऑफ गलवान' की रिलीज डेट टल सकती है। फिल्म 17 अप्रैल 2026 को थिएटर्स में रिलीज होने के लिए तैयारी है, लेकिन इसकी रिलीज डेट में बदलाव होने वाला है।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान और फिल्म की टीम दोनों ही फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ने की अलग-अलग वजहें बताई जा रही हैं, जिसमें से एक ये भी है कि मेकर्स को अभी रक्षा मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिली है और फिल्म की शूटिंग भी थोड़ी बाकी है।
रिपोर्ट के अनुसार सोर्स ने बताया, बैटल ऑफ गलवान की शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है और री-शूट में उम्मीद से ज्यादा वक्त लग रहा है। 9 फरवरी से मुंबई की गोल्डन टोबैको फैक्ट्री में एक हफ्ते का शूट शेड्यूल शुरू होगा। इसके बाद भी कुछ दिनों की शूटिंग बाकी रहेगी और फरवरी के आखिरी तक फिल्म की शूटिंग पूरी होगी।
इतना ही नहीं, नियमों के मुताबिक फिल्म को मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस को भी दिखाना जरूरी है, और इस प्रोसेस में भी वक्त लग सकता है। इन दोनों वजहों से मेकर्स को लगता है कि फिल्म की 17 अप्रैल की डेडलाइन पूरी करना मुश्किल होगा। सलमान का मानना है कि देशभक्ति से जुड़ी इस फिल्म को बेहद सोच-समझकर पेश किया जाना चाहिए और इसलिए टीम को किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचना चाहिए।
बता दें कि 'बैटल ऑफ गलवान' में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। इस फिल्म को खुद सलमान खान प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म का म्यूजिक हिमेश रेशमिया देने वाले हैं।