1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. middle east war esha gupta trapped uae dubai missile attack
Last Modified: रविवार, 1 मार्च 2026 (15:49 IST)

युद्ध के बीच UAE में फंसीं एक्ट्रेस ईशा गुप्ता, मिसाइल हमलों के बीच शेयर किया डरावना अनुभव

Middle East War
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। ईरान ने इन हमलों के जवाब में खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दाग दी है। यूएई में कई जगह ईरान द्वारा लगातार मिसाइल हमले किए जा रहे हैं। 
 
मिडिल ईस्ट में छिड़ी इस जंग के बीच कई सेलेब्स और आम नागरिक फंस गए हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा गुप्ता भी यूएई में फंसी हुई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सुरक्षा और वहां के डरावने हालातों पर चिंता व्यक्त की है। एक्ट्रेस ने इंस्टा स्टोरी पर पोस्ट शेयर कर अपने बारे में जानकारी दी है। 
 
अबू धाबी में मौजूद ईशा गुप्ता ने लिखा, जो लोग भी मेरा हालचाल पूछ रहे हैं, उन्हें जवाब न दे पाने के लिए माफी चाहती हूं। हम ठीक हैं और सुरक्षित हैं! समय बहुत डरावना और कठिन है। भगवान हमारी रक्षा के लिए वहां मौजूद हैं।
 
ईशा ने आगे यूएई के रक्षा मंत्रालय पर भरोसा जताते हुए कहा, हमें विश्वास है कि @modgovae सुरक्षा और इंटरसेप्शन (मिसाइलों को रोकने) के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहा है। फंसे हुए सभी लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रही हूं। उम्मीद है कि जल्द घर लौटूंगी।
केवल ईशा गुप्ता ही नहीं, बल्कि भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु और अभिनेत्री सोनल चौहान भी इस संकट के बीच दुबई में फंसी हुई हैं। सोनल चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्रालय को टैग करते हुए मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि उड़ानें रद्द होने के कारण उनके पास भारत लौटने का कोई रास्ता नहीं बचा है।
 
बता दें कि अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त हमला किया। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई मारे गए हैं। इसके जवाब में ईरान ने 'ऑपरेशन ट्रुथफुल प्रॉमिस 4' शुरू किया और इजरायल सहित खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे।
 
सुरक्षा कारणों से दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) और अल मकतूम एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। यूएई के आसमान में ईरानी मिसाइलों को रोकने के लिए डिफेंस सिस्टम सक्रिय हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में सायरन और धमाकों की गूंज सुनाई दे रही है।
ये भी पढ़ें
गांव में फिर मचेगा लॉटरी का शोर, परेश रावल ने कंफर्म किया 'मालामाल वीकली' का सीक्वल