वीरू सबसे बड़ा ''हीरा''
FILE
वीरू की बल्लेबाजी का कायल हूँ : विजेंदर ने कहा कि मैं आम भारतीयों की तरह क्रिकेट के खेल का भी दीवाना हूँ और जब भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही होती है, तब मेरी दिली इच्छा यही होती है कि मैं वीरेन्द्र सहवाग की तूफानी बल्लेबाजी देखूँ। वो मेरे सबसे पसंदीदा बल्लेबाज हैं और मैं उनकी बल्लेबाजी का कायल हूँ।
जान लगाकर खेलना : विजेंदर के अनुसार विश्वकप में सहवाग और गौतम गंभीर पहले 15 ओवर में शानदार शुरुआत देते हैं तो खेल का दृश्य ही बदल जाएगा। कुछ समय पहले मैं एक समारोह में धोनी, सचिन, सहवाग सभी से मिला था और मैंने उनसे यही कहा कि हमारे देश में जब वर्ल्डकप हो रहा है तो आप लोग जान लगाकर खेलना और देश की जनता को यादगार तोहफा देना।
भारतीय टीम वर्ल्डकप जीते : इस स्टार मुक्केबाज का कहना था कि मैं अच्छी तरह से जानता हूँ कि अपने देश में जीत के मायने क्या होते हैं। दिल्ली में जब कॉमनवेल्थ गेम्स हुए थे, तब भारतीय खिलाड़ी स्वर्ण पदक जीतते ही ऐसे खुश होते थे मानों उन्हें खजाना मिल गया। दूसरे देशों के ध्वज में जब सबसे ऊँचा तिरंगा ऊपर जाता था तो वह क्षण हर भारतीय को भावविभोर कर देता था। इसीलिए मैं चाहता हूँ कि हमारे क्रिकेटर भी वर्ल्डकप जीते। इससे पूरे देश का मान बढ़ेगा।
मलिका शेरावत को बनाओ चियरगर्ल : यह पूछे जाने पर कि इंग्लैंड में क्रिकेट मुकाबलों के दौरान आपने चीयरगर्ल्स को देखा होगा, क्या क्रिकेट के आधिकारिक मैचों में भी इनकी मौजूदगी उत्साह बढ़ाने वाली होती है? विजेंदर ने कहा देखो जी, मैंने भी चीयरगर्ल्स को देखा है। इनसे माहौल तो बनता ही है। यदि भारत में चीयरगर्ल्स की बात आए तो आप मलिका शेरावत से संपर्क कर लेना। इसके बाद वे हँसते हुए रवाना हो गए। (वेबदुनिया न्यूज)
