बाबा के यूपी में कभी नहीं आऊंगा सर! एनकाउंटर के बाद पांचवां शूटर भी गिरफ्तार, दिशा पाटनी के घर की थी गोलीबारी
Disha Patni house firing case: फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के उत्तर प्रदेश में बरेली स्थित पैतृक घर पर गोलीबारी में शामिल पांचवें शूटर को शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश के अलावा उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया गया है।
बाबा के यूपी में कभी नहीं आऊंगा सर : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि बरेली में पुलिस के साथ मुठभेड़ में आरोपी रामनिवास के पैर में गोली लगी और उसके साथी अनिल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रामनिवास हाथ जोड़कर जमीन पर लेटा हुआ है और पुलिस से कथित तौर पर कह रहा है, 'बाबा के यूपी में कभी नहीं आऊंगा सर।'
पुलिस ने आरोपी के पास से 0.32 बोर की एक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए हैं। आर्य ने बताया कि पूछताछ के दौरान रामनिवास ने गोलीबारी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने शूटर विजय और नकुल को गिरफ्तार किया था, जो 11 सितंबर को पाटनी के घर पर हुई गोलीबारी में कथित रूप से शामिल थे।
एक-एक लाख रुपए का इनाम था : अधिकारी ने बताया कि बागपत निवासी दोनों शूटरों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम था और उन्हें वारंट पर बरेली लाया जाएगा। यूपी पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने 17 सितंबर को गाजियाबाद में हरियाणा और दिल्ली पुलिस की टीमों के साथ मिलकर दो अन्य शूटरों अरुण और रवींद्र को मुठभेड़ में मार गिराया था। पुलिस के अनुसार, विजय व नकुल ने 11 सितंबर को और अरुण व रवींद्र ने 12 सितंबर को पाटनी के घर पर गोलियां चलाई थीं।
धन्यवाद योगी जी : अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी ने उनके घर पर हुई फायरिंग की घटना में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश पुलिस की तारीफ की है। उन्होंने पुलिस को अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।
ALSO READ: दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले 2 बदमाश मुठभेड़ में मारे गए
कब हुई थी फायरिंग : हमलावरों ने 12 सितंबर को तड़के पौने चार बजे दिशा पाटनी के बरेली स्थित आवास के बाहर कई गोलियां चलाई थीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। बरेली कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराध के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की राज्य सरकार की नीति को दोहराते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala