प्रियंका का पीएम मोदी से सवाल, असल मुद्दों से कब तक भटकाएंगे जनता को?
लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बेरोजगारी के कारण युवाओं की आत्महत्या के मामलों में पिछले 6 साल में इजाफा होने की बात उजागर करने वाली एक मीडिया रिपोर्ट के हवाले से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल किया है कि देश का युवा पीड़ा में है, आखिर कब तक असल मुद्दों से जनता को भटकाया जाएगा।
एक मीडिया रिपोर्ट में रविवार को बेरोजगारी के कारण युवाओं की आत्महत्या के मामलों में तेजी से उछाल आने की बात उजागर की गई है। इस रिपोर्ट के हवाले से प्रियंका ने सोशल मीडिया पर कहा कि पिछले 6 सालों में बेरोजगारी से आत्महत्या करने वालों की संख्या 60 प्रतिशत बढ़ गई है। 2018-20 के बीच में बेरोजगारी के चलते देश में हर दिन औसतन 12 लोगों ने आत्महत्या की।
प्रियंका गांधी ने अपने एक ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी से पूछा, 'मोदी जी 70 सालों की रट छोड़कर असल मुद्दों पर बात करिए। युवा पीड़ा में हैं, कब तक असल मुद्दों से भटकाएंगे।'
पिछले 6 सालों में बेरोजगारी से आत्महत्या करने वालों की संख्या 60% बढ़ गई, 2018-20 के बीच में बेरोजगारी के चलते देश में हर दिन औसतन 12 लोगों ने आत्महत्या की।@narendramodi जी 70 सालों की रट छोड़कर असल मुद्दों पर बात करिए। युवा पीड़ा में हैं, कब तक असल मुद्दों से भटकाएंगे? pic.twitter.com/tk2gCZkCXR
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) February 13, 2022
बसपा अध्यक्ष मायावती ने भी इस रिपोर्ट के हवाले से बेरोजगारों की आत्महत्या के मामलों में इजाफा होने पर चिंता जाहिर करते हुए भाजपा को नसीहत दी है कि वे देशहित में अहंकार को त्याग कर सच्चाई से मुंह न फेरे।
1. कर्ज में डूबी घुटन का जीवन जीने को मजबूर किसानों द्वारा आत्महत्या की खबरें विचलित करती हैं, किन्तु अब बेरोजगार युवाओं द्वारा भी आत्महत्या करने की विवशता ने राष्ट्रीय चिन्ता, बेचैनी व आक्रोश को और बढ़ा दिया है। फिर भी विकास व इण्डिया शाइनिंग आदि जैसा भाजपा का दावा कितना उचित?
— Mayawati (@Mayawati) February 13, 2022

