1. खेल-संसार
  2. टोक्यो ओलंपिक 2020
  3. टोक्यो ओलंपिक न्यूज़
  4. President, PM congratulate Neeraj Chopra on winning Gold Medal

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी नीरज चोपड़ा को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई

Tokyo Olympics
दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा को शनिवार को यहां टोक्यो ओलंपिक की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के बाद टि्वटर पर बधाई दी और उनकी प्रशंसा के पुल बांधे। चोपड़ा ने देश को ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धा में पहला ओलंपिक पदक दिलाया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, नीरज चोपड़ा की अभूतपूर्व जीत। आपके भाला फेंक में स्वर्ण पदक ने सभी रूकावटें तोड़ दीं और इतिहास रच दिया है। आपने अपने पहले ही ओलंपिक में भारत को पहला ट्रैक और फील्ड पदक दिलाया। आपकी उपलब्धि हमारे देश के युवाओं को प्रेरित करेगी। भारत उत्साहित है। बहुत बहुत बधाई।
मोदी ने ट्वीट किया, टोक्यो में इतिहास रचा गया। नीरज चोपड़ा ने आज जो हासिल किया है, उसे हमेशा याद रखा जाएगा। युवा नीरज ने असाधारण प्रदर्शन किया। वे काफी जुनून से खेले और उन्‍होंने अद्वितीय संयम दिखाया। टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई।

खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया, नीरज चोपड़ा। भारत का गोल्डन बॉय। भारत का ओलंपिक इतिहास रचा गया। आपका शानदार थ्रो ‘एक बिलियन चीयर्स’ का हकदार है। आपका नाम स्वर्णिम अक्षरों में इतिहास में लिखा जाएगा।
चोपड़ा ने दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर दूर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल कर देश को दूसरा ओलंपिक व्यक्तिगत स्वर्ण पदक दिलाया। भारत को इससे पहले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में 10 मीटर एयर राइफल में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक दिलाया था।
बिंद्रा ने ट्वीट किया, नीरज चोपड़ा के लिए स्वर्ण पदक। इस युवा खिलाड़ी के सामने नतमस्तक हूं। आपने देश के सपने को पूरा किया। शुक्रिया। साथ ही क्लब (स्वर्ण पदक के) में आपका स्वागत है- इसकी बहुत जरूरत थी। आप पर बहुत गर्व है। मैं आपके लिए बहुत खुश हूं।(भाषा)