मंगलवार, 24 मार्च 2026
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Vijender Singh
Written By
Last Modified: मैनचेस्टर , शुक्रवार, 18 दिसंबर 2015 (17:30 IST)

जीत की हैट्रिक लगाने उतरेंगे विजेन्दर

Vijender Singh
मैनचेस्टर। पेशेवर मुक्केबाजी में लगातार 2 मुकाबलों में जीत दर्ज कर आत्मविश्वास से लबरेज पेशेवर मुक्केबाज विजेन्दर सिंह शनिवार को बुल्गारिया के सामेत ह्यूसीनोव के खिलाफ होने वाले अपने तीसरे पेशेवर मुकाबले में जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से रिंग में उतरेंगे।
 
भारतीय स्टार मुक्केबाज ने अब तक अपने 2 पेशेवर मुकाबलों में उम्मीद से बढ़कर प्रदर्शन किया है। उन्होंने अक्टूबर में अपने पहले मुकाबले में सोनी विटिंग को हराया था जबकि नवंबर में डीन गिलेन को एकतरफा मुकाबले में पहले ही राउंड में धूल चटा दी थी। विजेन्दर से देशवासियों को ह्यूसीनोव के खिलाफ भी ऐसी ही प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
 
विजेन्दर ने मुकाबले की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को कहा कि मैंने सामेत का रिकॉर्ड देखा है, जो कुछ खास नहीं है। उन्होंने अपने 14 मुकाबलों में 7 में जीत हासिल की है। मुझे नहीं लगता है कि वह मुझे कुछ खास प्रभावित करेगा।
 
उन्होंने कहा कि इस मुकाबले को लेकर मैंने नई तकनीक के साथ कड़ी मेहनत की है। पिछले 3 सप्ताह के अभ्यास सत्र के दौरान मैंने मुक्केबाजी का कड़ा अभ्यास किया है। रिंग में सामेत को कड़ी टक्कर देने के लिए मैं पूरे विश्वास के साथ तैयार हूं।
 
भिवानी के विजेन्दर ने कहा कि सामेत ने मीडिया में मेरे बारे में बहुत कुछ बोला है लेकिन मैं सिर्फ इतना ही कहना चाहूंगा कि शनिवार को होने वाले मुकाबले को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं और दर्शकों के लिए यह मुकाबला बहुत ही रोचक होने वाला है। 
 
विजेन्दर ने कहा कि मैं अपने प्रोफेशनल करियर में लगातार आगे बढ़ रहा हूं। मैं यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह से अवगत हो चुका हूं और मुझे उम्मीद है कि देशवासियों को मैं नए वर्ष का एक शानदार तोहफा दूंगा।
 
वहीं दूसरी तरफ अपनी जीत को लेकर कुछ ज्यादा ही उत्सुक नजर आ रहे ह्यूसीनोव ने कहा कि मैं विजेन्दर को लेकर जरा भी चिंतित नहीं हूं, क्योंकि मैंने उनका मुकाबला नहीं देखा है। यदि मैं अपने प्रतिद्वंद्वियों से डरता तो मैं कभी मुक्केबाजी में नहीं उतरता।
 
विजेन्दर ने अब तक 2 मुकाबले ही खेले हैं, लेकिन वे अभी मेरी मुक्केबाजी से परिचित नहीं हैं। मैं इस समय उनके लिए सबसे खतरनाक प्रतिद्वंद्वी हूं और विजेन्दर को शुरुआती राउंड में ही हराने के लिए तैयार हूं।
 
विजेन्दर और ह्यूसीनोव के बीच 6 राउंड का यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10.30 बजे शुरू होगा। (वार्ता)