पेस-हिंगिस को पस्त कर सानिया-डोडिग सेमीफाइनल में
मेलबर्न। भारत की सानिया मिर्जा ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुए महिला युगल के फाइनल में प्रवेश करने के बाद अब मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में भी जगह बना ली है।
सानिया और क्रोएशिया के इवान डोडिग की शीर्ष वरीय जोड़ी ने गुरुवार को मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में हमवतन लिएंडर पेस और महिला युगल की अपनी जोड़ीदार स्विटजरलैंड की मार्टिना हिंगिस को 73 मिनट में 7-6, 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
मिश्रित युगल के खिताबी मुकाबले में जगह बनाने के लिए सानिया और डोडिग का सेमीफाइनल में सामना पांचवीं सीड रूस की एलेना वेस्निना और ब्राजील के ब्रूनो सोरेस की जोड़ी के साथ होगा। वेस्निना और सोरेस ने क्वार्टर फाइनल में चौथी सीड जोड़ी स्लोवेनिया की कैटरीना श्रेबोटनिक और ब्रिटेन के जैमी मरे की चौथी सीड जोड़ी को लगातार सेटों में 6-2, 6-3 से पराजित किया।
सानिया-डोडिग की जोड़ी की सर्विस मैच में पहले ही गेम में ब्रेक हुई और इसे पेस-हिंगिस ने 3-1 तक बढ़ाया लेकिन पांचवें गेम में सानिया-डोडिग ने स्कोर बराबर किया। इसके बाद स्कोर 6-6 रहने पर टाईब्रेक का सहारा लिया गया और भारतीय-क्रोएशियाई जोड़ी ने टाइब्रेक 7-1 से जीतकर मैच में बढ़त बना ली।
दूसरे सेट में सानिया-डोडिग ने कमाल का प्रदर्शन किया और पेस-हिंगिस को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। यह सेट सानिया-डोडिग की जोड़ी ने 29 मिनट में 6-3 से अपने नाम किया। सानिया-डोडिग ने इस मैच में पांच एस लगाए, जबकि विपक्षी भारतीय-स्विस जोड़ी ने चार एस लगाए।
विजेता जोड़ी ने 25 विनर्स लगाए और पांच में से तीन ब्रेक अंक भुनाए, जबकि पेस-हिंगिस की जोड़ी दो में से एक ब्रेक अंक ही भुना पाई और उसने 18 बेजां भूलें कीं। इससे पहले बुधवार को सानिया ने हिंगिस के साथ अपना अपराजेय क्रम 35 मैच पहुंचाते हुए टूर्नामेंट के महिला युगल के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया था।
सानिया-हिंगिस की शीर्ष वरीय जोड़ी अब लगातार तीसरा ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने से मात्र एक कदम दूर रह गई है। सानिया-हिंगिस का अब खिताब के लिए सातवीं सीड चेक गणराज्य की आन्द्रिया लावाकोवा और लूसी रादेका से मुकाबला होगा। (वार्ता)