पंजाब ने 'पीडब्ल्यूएल' में उत्तर प्रदेश को हराया
लुधियाना। पंजाब रॉयल्स ने पेशेवर कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) में रविवार को यहां उत्तर प्रदेश वॉरियर्स को 6-1 से करारी शिकस्त दी।
यह पंजाब रॉयल्स की टूर्नामेंट में पहली जीत है। उन्हें इससे पहले मुंबई गरुड़ाज से 2-5 से हार का सामना करना पड़ा था। उत्तर प्रदेश वॉरियर्स की यह लगातार दूसरी हार है। उसे शुरुआती मुकाबले में बेंगलुरु यौद्धाज से हार झेलनी पड़ी थी।
रजनीश ने वॉरियर्स के मंगोलियाई पहलवान गाजोरिक मडाखुरान को पुरुषों के 65 किग्रा में 8-7 से हराकर पंजाब को विजयी शुरुआत दिलाई।
महिलाओं के 69 किग्रा में पंजाब की वासिलिसा मर्जालियुक ने उत्तर प्रदेश की अलीना स्टेडिनिक महिनिया को 2-1 से हराया। प्रवीण राणा ने पुरुषों के 74 किग्रा में मंगोलियाई पुरवजाव उनुरूबात को हराकर पंजाब का दबदबा बनाए रखा।
इसके बाद जार्गासाईखान चुलुनबाट ने पुरुषों के 125 किग्रा में वॉरियर्स के जोगिंदर सिंह को हराकर पंजाब को एक और जीत दिलाई। महिलाओं के 58 किग्रा में पंजाब की गीता फोगाट ने उत्तर प्रदेश की सबिता की कड़ी चुनौती से पार पाकर 3-2 से जीत दर्ज की।
उत्तर प्रदेश की बबिता कुमारी ने 53 किग्रा में अपनी चचेरी बहन प्रियंका फोगाट को हराकर अपनी टीम को पहली और एकमात्र जीत दिलाई। इसके बाद पंजाब के मौसम खत्री ने अनुभवी सत्यव्रत कादियान को 5-0 से हराया। (भाषा)